Lohardaga News: एमडीएम आपरेटरों ने नियमितीकरण और सम्मानजनक मानदेय मांगा
Lohardaga News: लोहरदगा में, प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के एमडीएम ऑपरेटरों ने राज्य सरकार से अपनी लंबित मांगों का निवारण करने की अपील की। कई वर्षों से काम कर रहे 267 ऑपरेटर आर्थिक और मानसिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं, और वे नियमित सेवा, उचित मानदेय और सामाजिक सुरक्षा की मांग कर रहे हैं।

Lohardaga News: लोहरदगा, प्रतिनिधि। प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना अंतर्गत वर्षों से कार्यरत एमडीएम आपरेटरों ने राज्य सरकार एवं स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग से अपनी लंबित मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है। लोहरदगा के एमडीएम ऑपरेटरों ने कहा कि वे कई वर्षों से पीएम पोषण योजना के सफल क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उनके द्वारा प्रतिदिन ऑनलाइन पोर्टल संचालन, विद्यालयों से प्राप्त सूचनाओं का संकलन, लाभार्थियों के आँकड़ों की प्रविष्टि, खाद्यान्न एवं कुकिंग कॉस्ट का अभिलेख संधारण, मासिक प्रतिवेदन, विभिन्न ऑनलाइन रिपोर्टिंग तथा विभाग द्वारा सौंपे गए अन्य तकनीकी एवं प्रशासनिक कार्य पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ संपादित किए जाते हैं।इसके
बावजूद आज तक उनके लिए न तो नियमित सेवा व्यवस्था लागू की गई है और न ही उनके भविष्य को सुरक्षित करने के लिए कोई ठोस नीति बनाई गई है। वर्षों से निरंतर कार्य करने के बाद भी सेवा असुरक्षा, अत्यंत अल्प मानदेय तथा भविष्य की अनिश्चितता के कारण राज्य के 267 ऑपरेटर एवं उनके परिवार आर्थिक और मानसिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। अन्य विभागों में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटरों को तुलनात्मक रूप से अधिक मानदेय एवं बेहतर सेवा सुविधाएं प्राप्त हैं। राज्य सरकार से मांग की है कि वर्तमान सभी कार्यरत ऑपरेटरों का अनुभव एवं सेवा अवधि के आधार पर नियमितीकरण अथवा सेवा सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। नियमितीकरण होने तक किसी भी ऑपरेटर की सेवा बिना विधिसम्मत प्रक्रिया के समाप्त न की जाए। सम्मानजनक एवं नियमित मानदेय, सामाजिक सुरक्षा तथा अन्य वैधानिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


