
मकर संक्रांति पर समरसता खिचड़ी एवं पतंगबाजी का आयोजन
लोहरदगा में मकर संक्रांति पर सरस्वती विद्या मंदिर इंटर महाविद्यालय में समरसता खिचड़ी एवं पतंगबाजी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दीप प्रज्वलन, पतंग उड़ाने की प्रतियोगिता और विद्वत परिषद के डा शशि कुमार गुप्ता का संबोधन शामिल था। विजेताओं को पुरस्कार दिए गए और जातिवाद को त्यागने का संदेश दिया गया।
लोहरदगा, संवाददाता।मनोहर लाल अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर महाविद्यालय, लोहरदगा में मकर संक्रांति पर समरसता खिचड़ी एवं पतंगबाजी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ हुई। कार्यक्रम का मंच संचालन अनन्या गोयल एवं रीतू कुमारी ने किया, अतिथि परिचय महाविद्यालय के प्राचार्य बिपिन कुमार दास द्वारा किया गया। इस अवसर पर विद्वत परिषद के डा शशि कुमार गुप्ता ने संबोधन में कहा कि मकर संक्रांति का पर्व हमें जीवन में निरंतर प्रगति करने, सफलता के शिखर तक पहुंचने तथा समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की प्रेरणा देता है।
इस दिन से शुभ कार्यों की शुरुआत की जाती है। पतंगबाजी प्रतियोगिता का शुभारंभ अतिथियों द्वारा पतंग उड़ाकर किया गया। बीएस कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डा लोहरा उरांव ने कहा कि हमें पतंग की भांति ऊंचाइयों तक अवश्य पहुंचना चाहिए, परंतु इस बात का भी ध्यान रखना चाहिए कि हमारी उन्नति से किसी अन्य की प्रगति में बाधा न आए। पतंगबाजी प्रतियोगिता में भैया प्रेमचंद उरांव ने प्रथम स्थान एवं करण कुजूर ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की त्रैमासिक पत्रिका का भी विमोचन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रबंधकारिणी समिति के अध्यक्ष शशिधर लाल अग्रवाल ने अपने संदेश में कहा कि मकर संक्रांति का पर्व हमें जातिवाद एवं भेदभाव को त्यागकर समरसता, एकता और सौहार्द के साथ जीवन जीने की सीख देता है। उन्होंने कहा कि यह पर्व देश के विभिन्न क्षेत्रों में भिन्न-भिन्न नामों से मनाया जाता है, किंतु इसका मूल उद्देश्य सामाजिक एकता और भाईचारे को सुदृढ़ करना है। कार्यक्रम में डा कुमुद कुमार, प्रबंधकारिणी समिति के सचिव अजय प्रसाद, उपाध्यक्ष विनोद राय, डा पूनम मिश्रा, मातृ भारती की अध्यक्ष राखी देवी, सदस्य सुरेखा एवं दसमनी देवी, पूर्व आचार्य प्रीति कुमारी गुप्ता सहित आचार्य कर्मचारीगण तथा सभी विद्यार्थी उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




