होली में हुड़दंग किया तो खानी पड़ सकती है हवालात की हवा

Mar 03, 2026 01:11 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, लोहरदगा
share

लोहरदगा जिला प्रशासन ने होली के दौरान शांति बनाए रखने के लिए सख्त चेतावनी दी है। यदि कोई वैमनस्य फैलाने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है, और सोशल मीडिया की भी निगरानी की जा रही है। लोग संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत दें।

होली में हुड़दंग किया तो खानी पड़ सकती है हवालात की हवा

लोहरदगा, संवाददाता। रंगों का पर्व होली सौहार्द्र और भाईचारे का प्रतीक है, लेकिन हुड़दंग और कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर प्रशासन सख्त नजर रखे हुए है। लोहरदगा जिला प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि कोई व्यक्ति लोहरदगा जिले में रहकर वैमनस्य फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करता है, तो उस पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी सूरत में दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। होली को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिले के सभी थानों में शांति समिति की बैठकें आयोजित की गई हैं। इसके साथ ही जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और प्रशासनिक अधिकारियों ने मिलकर सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील की है।

जिले के संवेदनशील और चिन्हित स्थलों पर दंडाधिकारियों और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है। प्रशासन द्वारा बड़ी संख्या में पुलिस जवानों की तैनाती की गई है, जो प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में गश्त करेंगे।सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए असामाजिक तत्वों व अपराधियों पर नजर रखी जाएगी। साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की भी लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि अफवाह फैलाने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। होली को ले जिला मुख्यालय में 24 घंटे कंट्रोल रूम सक्रिय रहेगा, जहां से पूरे जिले की निगरानी की जाएगी। आपात स्थिति में लोग कंट्रोल रूम या नजदीकी थाना से संपर्क कर सकते हैं। त्योहार के मद्देनजर दो दिनों तक सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे, लेकिन प्रशासनिक और स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह सक्रिय रहेंगी। आंखों और त्वचा का रखें विशेष ध्यान: डॉ. गणेश प्रसाद लोहरदगा आईएमए के अध्यक्ष डॉ. प्रसाद ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा है कि होली के दौरान रंगों से आंखों और त्वचा को नुकसान पहुंचने की आशंका रहती है। हमेशा हर्बल और प्राकृतिक रंगों का ही इस्तेमाल करें। आंखों में रंग जाने पर तुरंत साफ पानी से धोएं, रगड़ें नहीं। त्वचा पर सरसों या नारियल तेल लगाकर ही रंग खेलें, ताकि रंग सीधे त्वचा पर असर न करे। एलर्जी या जलन होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। छोटे बच्चों के साथ विशेष सावधानी बरतें।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।