Lohardaga News: अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत
Lohardaga News: लोहरदगा जिले के कुडू थाना क्षेत्र में बड़की चांपी और जरियो के बीच अज्ञात वाहन और मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई। मृतक दुबांग गांव के निवासी थे। हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे, नौकरी और अज्ञात वाहन चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम किया। पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।

Lohardaga News: लोहरदगा, संवाददाता।लोहरदगा जिले के कुडू थाना क्षेत्र के बड़की चांपी और जरियो के बीच रविवार देर शाम अज्ञात वाहन और मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने की टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान दुबांग गांव निवासी झुनू मुंडा के 22 वर्षीय पुत्र बजरंग मुंडा और स्व बिफई मुंडा के 25 वर्षीय पुत्र जागेश मुंडा के रूप में हुई है। हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा है। ग्रामीणों के अनुसार, अज्ञात वाहन बड़की चांपी की ओर से लोहरदगा जा रहा था। जबकि मोटरसाइकिल सवार दोनों युवक लोहरदगा से अपने गांव दुबांग लौट रहे थे। इसी दौरान बड़की चांपी और जरियो के बीच दोनों वाहनों में जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
टक्कर में दो युवकों की मौत
मुआवजे और नौकरी की मांग पर सड़क जाम--
दो युवकों की मौत से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजा देने, मृतकों के परिजनों को नौकरी उपलब्ध कराने और दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन की पहचान कर उसके चालक को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। ग्रामीणों ने दुर्घटना के जिम्मेवार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। सड़क जाम होने से आवागमन प्रभावित रहा।
पुलिस ने शुरू की आवश्यक कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने पर कुडू थाना प्रभारी नीरज झा मौके पर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों को सांत्वना दी और सरकारी प्रावधानों के तहत आवश्यक सहयोग और सुविधाएं दिलाने का आश्वासन दिया। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद दुबांग गांव सहित आसपास के इलाके में शोक का माहौल है।

