
दिल्ली की आतंकी घटना के बाद लोहरदगा पुलिस अलर्ट
लोहरदगा पुलिस दिल्ली के लाल किला परिसर में हुई आतंकी घटना के बाद सुरक्षा को लेकर अलर्ट मोड पर है। वाहनों की सघन जांच की जा रही है और चेकपोस्ट एक्टिव हैं। एसपी और एसडीपीओ ने सड़क पर जांच अभियान की निगरानी की। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए बिना दस्तावेज वाले वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
लोहरदगा, संवाददाता। लोहरदगा पुलिस दिल्ली के लाल किला परिसर में हुई आतंकी घटना के बाद अलर्ट मोड पर है। वाहनों की सघन जांच की जा रही है। जिले की सीमा पर बने चेकपोस्ट एक्टिव हैं। गाड़ियों की जांच और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। रविवार को चटटी पिकेट पर पुलिस अधिकारी और जवान गाड़ियों की सघन जांच में जुटे रहे। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से एसपी सादिक अनवर रिज़वी और एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा ने खुद सड़क पर जांच अभियान की मानीटरिंग की। पुलिस कर्मियों को दिशा-निर्देश दिए। अभियान के दौरान जिले के बीएस कालेज पुलिस पिकेट सहित कई प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर वाहनों की सघन जांच की गई।

साथ ही वाहन में लदे सामान की भी तलाशी ली। संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखते हुए बिना दस्तावेज वाले वाहनों और अवैध सामान ले जाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। एसपी सादिक अनवर रिज़वी ने बताया कि जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा किया गया है। दूसरे राज्यों से आने-जाने वाले मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। किसी भी तरह की संदिग्ध हरकत या सूचना पर तुरंत पुलिस को अवगत कराने की अपील भी आम जनता से की गई है। एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा ने कहा कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। रात्रि गश्त बढ़ाई गई है और सभी थाना क्षेत्रों को अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया है। पुलिस की इस सक्रियता से लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है। संदिग्धों के बारे में सूचना देकर आम जनों से सहयोग की अपील जिला पुलिस ने की है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


