होली, रमजान और सरहुल को ले चौकीदारों की बैठक हुई
लोहरदगा के अंचलाधिकारी राम नारायण खलखो ने होली, रमजान और सरहुल पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए चौकीदारों के साथ बैठक की। उन्होंने अफवाहों, असामाजिक गतिविधियों और विवादों की सूचना प्रशासन तक पहुँचाने के निर्देश दिए। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और सामुदायिक समन्वय पर जोर दिया गया।

लोहरदगा, संवाददाता। होली, रमजान एवं सरहुल पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से लोहरदगा सदर अंचल के अंचलाधिकारी राम नारायण खलखो ने प्रखंड क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में कार्यरत चौकीदारों के साथ शनिवार को बैठक की। बैठक में क्षेत्रवार विधि-व्यवस्था की स्थिति की जानकारी ली गई तथा सभी चौकीदारों से उनके कार्यक्षेत्र में सामाजिक माहौल, संभावित संवेदनशील स्थानों और आवश्यक तैयारियों के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। अंचलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पर्व-त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, असामाजिक तत्वों की गतिविधि या आपसी विवाद की सूचना तत्काल प्रशासन तक पहुंचाई जाए।
उन्होंने रात्रि गश्ती बढ़ाने, भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा विभिन्न समुदायों के बीच समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन और ग्रामीण चौकीदारों के समन्वित प्रयास से ही शांति और सौहार्द्र कायम रखा जा सकता है। बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि होली के दौरान जबरन रंग लगाने, शराब सेवन कर हुड़दंग करने अथवा डीजे के माध्यम से निर्धारित समय सीमा से अधिक ध्वनि प्रसारण पर विशेष निगरानी रखी जाए। वहीं रमजान के मद्देनजर नमाज के समय मस्जिदों के आसपास शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा सरहुल पर्व के जुलूस मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। अंचलाधिकारी ने चौकीदारों को अपने-अपने क्षेत्रों में ग्राम प्रधान, पंचायत प्रतिनिधियों और बुद्धिजीवियों के साथ समन्वय स्थापित कर शांति समिति की बैठकों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी छोटी घटना को गंभीरता से लें और समय रहते समाधान की पहल करें, ताकि बड़ी समस्या उत्पन्न न हो।इस अवसर पर झारखंड राज्य दफादार-चौकीदार पंचायत के जिला अध्यक्ष शमशुल अंसारी, अनिल उरांव, समारा उरांव, सतीश उरांव, अंग्नु मुंडा, शनिचरिया उरांव सहित प्रखंड क्षेत्र के सभी चौकीदार उपस्थित रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



