लोहरदगा में भाजपा समर्थित अनिल उरांव की जीत ने बदली सियासी बिसात

Mar 02, 2026 02:12 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, लोहरदगा
share Share
Follow Us on

लोहरदगा नगरपालिका आम निर्वाचन-2026 में भाजपा समर्थित अनिल उरांव ने 786 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। इस जीत को भाजपा ने विकास, संगठन शक्ति और जनविश्वास की विजय बताया। नेताओं ने चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए प्रशासन का आभार जताया और नई नगर परिषद से विकास के प्रति अपेक्षाएँ जताईं।

लोहरदगा में भाजपा समर्थित अनिल उरांव की जीत ने बदली सियासी बिसात

लोहरदगा, संवाददाता। नगरपालिका आम निर्वाचन-2026 के परिणाम सामने आते ही लोहरदगा की राजनीति में नई हलचल तेज हो गई है। नगर अध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित उम्मीदवार अनिल उरांव ने 786 मतों के अंतर से जीत दर्ज कर न केवल विरोधियों को करारा जवाब दिया, बल्कि नगर की सियासी दिशा को भी नया मोड़ दे दिया है। इस जीत को भारतीय जनता पार्टी ने जनविश्वास, संगठन शक्ति और विकासवादी सोच की निर्णायक विजय बताया है। लोहरदगा नगर परिषद चुनाव में भाजपा के चुनाव संयोजक अजय पंकज एवं चुनाव सह संयोजक सह विहिप अध्यक्ष ने संयुक्त प्रेस बयान जारी कर नगर क्षेत्र के सभी मतदाताओं, समर्थकों और समर्पित कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।उन्होंने

कहा कि यह जीत वर्षों के संघर्ष, संगठन की मजबूती और जनता के अटूट विश्वास का ठोस परिणाम है। नेता द्वय ने कहा कि नगर की जनता ने विकास, पारदर्शिता और जनहित की राजनीति पर मुहर लगाई है। यह परिणाम स्पष्ट संकेत देता है कि लोहरदगा की जनता अब ठोस काम, जवाबदेही और साफ नीयत वाली राजनीति चाहती है। उन्होंने दावा किया कि यह विजय आने वाले दिनों में और बड़ी राजनीतिक भूमिका की ओर संकेत करती है तथा संगठन को और सशक्त बनाएगी। नेताओं ने चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन, जिला पुलिस तथा झारखंड राज्य निर्वाचन आयोग का आभार जताया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया अत्यंत आवश्यक है और प्रशासन ने इस दिशा में सराहनीय भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में मीडिया ने निष्पक्ष रिपोर्टिंग कर मतदाताओं को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। साथ ही उन्होंने नव निर्वाचित नगर अध्यक्ष अनिल उरांव सहित सभी 23 निर्वाचित वार्ड पार्षदों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आशा जताई कि नई नगर परिषद बोर्ड जनता की अपेक्षाओं पर पूरी तरह खरी उतरेगी और नगर विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देगी। अंत में उन्होंने कहा कि यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि लोहरदगा की देवतुल्य जनता की सामूहिक इच्छाशक्ति की जीत है। आने वाले समय में नगर को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाने के लिए जनभागीदारी के साथ तेज गति से कार्य किया जाएगा।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।