Lohardaga News: हटिया गार्डेन में वामन अवतार की थीम पर बन रहा है दुर्गा पूजा पंडाल
Lohardaga News: लोहरदगा के हटिया गार्डेन स्थित श्री दुर्गा मंदिर परिसर में 1947 से दुर्गा पूजा आयोजित हो रही है और यह परंपरा इस वर्ष 79वें वर्ष में पहुंच गई है। इस बार पंडाल भगवान विष्णु के वामन अवतार की थीम पर बन रहा है। निर्माण पर लगभग पांच लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, प्राथमिक उपचार, सुरक्षा और अन्य सुविधाएं रहेंगी।

Lohardaga News: लोहरदगा, संवाददाता। लोहरदगा के हटिया गार्डेन स्थित श्री दुर्गा मंदिर परिसर में वर्ष 1947 से दुर्गा पूजा का आयोजन होता आ रहा है। आजादी के समय से चली आ रही यह परंपरा इस वर्ष 79वें वर्ष में पहुंच गई है। इस बार पूजा पंडाल का निर्माण भगवान विष्णु के वामन अवतार की थीम पर किया जा रहा है, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगा। वर्ष 1947 में क्षेत्र के उत्साही युवकों ने दुर्गा पूजा की शुरुआत की थी। इनमें स्व राजेंद्र प्रसाद खत्री, स्व गजेंद्र महतो, स्व दुर्गा प्रसाद खत्री, स्व राधा महतो, झरी महतो, हुलास महतो, शिवशंकर राम, शंकर साहू, महादेव सोनी, खेदन साव, महाबीर सोनी, हजारी कांस्यकार, माधव कांस्यकार, बनारसी कांस्यकार, देवीदयाल साव, रामप्रसाद कांस्यकार, रामबिलास साव, राम पदारथ कांस्यकार, मनरखन साव और राजेंद्र महतो सहित अन्य लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। पूजा के आयोजन और पंडाल निर्माण में सनातन समाज की अहम भूमिका रही है।
नवरात्र और दशहरा का संदेश
समिति के आजीवन संरक्षक दुर्गा प्रसाद सोनी ने कहा कि नवरात्र और दशहरा शौर्य, शक्ति, उल्लास और विजय का पर्व है। भारतीय संस्कृति वीरता की पूजक और शौर्य की उपासक है। दशहरा का उत्सव व्यक्ति और समाज में वीरता की भावना जागृत करने की प्रेरणा देता है। यह पर्व काम, क्रोध, लोभ, मोह, मद, मत्सर, अहंकार, आलस्य, हिंसा और चोरी जैसे दस प्रकार के दुर्गुणों का त्याग कर सद्गुणों को अपनाने का संदेश भी देता है।
वामन अवतार थीम पर बनेगा पंडाल
समिति के अध्यक्ष निखिल राज ने बताया कि इस वर्ष भगवान श्रीहरि विष्णु के वामन अवतार की थीम पर आकर्षक पंडाल बनाया जा रहा है। स्थानीय मोहल्लेवासी सामूहिक रूप से इसके निर्माण में जुटे हैं। पंडाल के निर्माण पर लगभग पांच लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। पूर्व और वर्तमान समिति के सदस्य आयोजन को सफल बनाने में तन-मन-धन से लगे हुए हैं।
श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं और सुरक्षा
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पंडाल परिसर में प्रतीक्षालय, पेयजल, प्राथमिक उपचार, अग्निशमन यंत्र, सीसीटीवी कैमरे, समुचित प्रकाश व्यवस्था और डस्टबिन की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा भक्तिमय गीत-संगीत और अनुशासित स्वयंसेवकों की तैनाती भी रहेगी, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर सकें।

