लोहरदगा के कराटेकारों ने ओड़िशा में जीते 17 पदक
ओड़िशा के झारसुगुड़ा में आयोजित राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में लोहरदगा के खिलाड़ियों ने 17 पदक जीते। टीम ने 6 स्वर्ण, 6 रजत और 5 कांस्य सहित द्वितीय स्थान हासिल किया। कोच अमित कुमार सिंह के नेतृत्व में 10 खिलाड़ियों ने भाग लिया। खिलाड़ियों की सफलता पर जिले में खुशी का माहौल है।

कुडू, प्रतिनिधि। ओड़िशा के झारसुगुड़ा में चार और पांच अप्रैल को आयोजित दो दिवसीय खुली राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में लोहरदगा जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए छह स्वर्ण, छह रजत और पांच कांस्य सहित कुल 17 पदक अपने नाम किए। इस उपलब्धि से जिले के साथ-साथ पूरे झारखंड का नाम रोशन हुआ है। प्रतियोगिता में ओड़ीशा, झारखंड, बिहार, महाराष्ट्र, असम और पश्चिम बंगाल से करीब 400 खिलाड़ियों ने भाग लिया। शानदार प्रदर्शन के दम पर झारखंड टीम ने पूरे देश में द्वितीय स्थान प्राप्त कर रनर-अप ट्रॉफी अपने नाम की। जिला कराटे संघ लोहरदगा के महासचिव सह प्रमुख कोच सेंसई अमित कुमार सिंह के नेतृत्व में 10 खिलाड़ियों की टीम ने काता एवं कुमिते स्पर्धा में हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता में शैलेश कुमार ने एक स्वर्ण व एक कांस्य, गायत्री कुमारी ने एक स्वर्ण, अनुष्का लोहरा ने एक स्वर्ण व एक रजत, शिल्पा कुमारी ने एक स्वर्ण व एक रजत, चंचल कुमारी ने एक स्वर्ण व एक रजत तथा तारा कुमारी ने एक स्वर्ण, एक रजत व एक कांस्य पदक हासिल किया। वहीं ओमप्रकाश कुमार ने एक रजत, चांदनी कुमारी ने एक रजत व एक कांस्य, निराली कुमारी ने एक कांस्य तथा राजेश मिंज ने दो कांस्य पदक जीतकर टीम के प्रदर्शन को और मजबूत बनाया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वेदांत के सीएसआर हेड हरमीत सहारा ने कोच अमित कुमार सिंह और उनकी टीम को सम्मानित किया। खिलाड़ियों की इस सफलता पर लोहरदगा जिले में खुशी का माहौल है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


