लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


लोहरदगा, संवाददाता। भारतीय संस्कृति, आदर्श और आस्था हमेशा से ईश्वरीय सत्ता के सानिध्य में रहा है। ईश्वरीय सत्ता वेद पर आधारित है। वेद हमारा आधार है।हमें अपनी संस्कृति परंपरा और धरोहर को बचाते हुए अपने महोत्सव मनाना चाहिए। इस महोत्सव को चैत्र नवरात्र और विक्रम संवत के दिन मनाते हैं। यही हमारा नववर्ष है। यही भारतीयों और सनातनियों का नया साल है।
उक्त बातें हिंदू जागरण मंच झारखंड के अध्यक्ष भैरव सिंह ने कहीं। वह मंगलवार को लोहरदगा में जय श्रीराम समिति द्वारा आयोजित भारतीय नववर्ष के मौके पर मंगलवार आयोजित भव्य शोभा यात्रा में शामिल सनातनियों को ललित नारायण स्टेडियम परिसर में संबोधित कर रहे थे।
हिन्दू नववर्ष विक्रम संवत पर मंगलवार को जय श्रीराम समिति, लोहरदगा के तत्वावधान में नगर क्षेत्र में भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। शोभा यात्रा नगर के विभिन्न चौक-चौराहों से होकर गुजरी। शोभायात्रा में समिति के सदस्यों के साथ कई सनातनी संगठनों ने भी हिस्सा लिया। शोभा यात्रा ललित नारायण स्टेडियम से निकल कर बरवा टोली चौक, मिशन चौक, महावीर चौक, अपर बाजार, शास्त्री चौक, थाना चौक, अमला टोली, सुभाष चौक, रेलवे साइडिंग, बाबा मठ, न्यू रोड होते हुए पुनः स्टेडियम परिसर पहुंच कर सम्पन्न हुई। इससे पूर्व स्टेडियम से भैरव सिंह की अगुवाई में सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ कराया गया। जुलूस में हजारों की संख्या में शामिल रामभक्त भगवा झंडा थामे, जय श्रीराम का नारा लगाते हुए चल रहे थे। जय श्रीराम समिति द्वारा निकाली गई शोभा यात्रा भारत माता की पूजन के साथ समाप्त हुआ। प्रशासन द्वारा जुलूस की निगरानी में ड्रोन कैमरा लगाया था। भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया था। शोभा यात्रा के स्वागत को ले प्रमुख चौक- चौराहों पर भगवा झंडा लगाए गए। स्वागत द्वार बनाए गए थे। हिंदू नव वर्ष को लेकर जिले में लोगों में खासा उत्साह देखा गया। पूरा शहर भारत माता की जय और जय श्री राम के नारों से गूंजता रहा। जुलूस ललित नारायण स्टेडियम पहुंचने पर भव्य भंडारा व भक्ति जागरण का आयोजन किया गया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।