बुकिंग के सप्ताह भर बाद भी नहीं मिल रहा गैस सिलेंडर, उपभोक्ता परेशान
लोहरदगा जिले में घरेलू गैस उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर के लिए कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बुकिंग के सप्ताह बाद भी कई लोगों को सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं। उपभोक्ता गैस एजेंसियों पर समय पर होम डिलीवरी न करने का आरोप लगा रहे हैं, जिससे बुजुर्ग और महिलाएं परेशान हैं। जिला प्रशासन से जांच की मांग की गई है।

लोहरदगा, संवाददाता। लोहरदगा जिले में घरेलू गैस उपभोक्ताओं की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। स्थिति यह है कि गैस बुकिंग कराने के सप्ताह दिन बाद भी कई लोगों को सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। बुकिंग की निर्धारित अवधि पूरी होते ही फिर से सिलेंडर के लिए मारामारी शुरू हो जा रही है। उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस एजेंसियां समय पर होम डिलीवरी नहीं कर पा रही हैं। कई एजेंसियों द्वारा ग्राहकों को होम डिलीवरी देने के बजाय खुद गोदाम से सिलेंडर उठाने के लिए मजबूर किया जा रहा है, जिससे बुजुर्ग और महिला उपभोक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
हालांकि विभागीय जानकारी के अनुसार जिले में सिलेंडरों का कोई बैकलॉग नहीं बताया जा रहा है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे अलग नजर आ रही है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि समय पर सिलेंडर नहीं मिलने से उनके घरों में खाना बनाने तक की समस्या खड़ी हो गई है।लोगों ने जिला प्रशासन से गैस वितरण व्यवस्था की जांच कराने और उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराने की मांग की है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


