प्रशासन की अपील: सोशल मीडिया और अफवाहों पर ध्यान न दें
लोहरदगा जिला प्रशासन ने उपायुक्त डॉ ताराचंद की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की, जिसमें दो पक्षों को बुलाया गया। प्रशासन ने आपसी सौहार्द्र बनाए रखने की अपील की और सोशल मीडिया पर निगरानी रखने की बात...

लोहरदगा संवाददाता। लोहरदगा जिला प्रशासन की ओर से उपायुक्त डॉ ताराचंद ने शनिवार को एक मामले में दो पक्षों को बुलाकर समाहरणालय सभाकक्ष में बैठक की। जिसमें उक्त मामले में दोनों पक्षों ने अपनी बातें रखीं। प्रशासन ने दोनों पक्षों की बातें सुनीं। दोनों पक्षों को आपसी सौहार्द्र बनाये रखने की अपील की। साथ ही, सख्त निर्देश दिया कि उक्त मामले में किसी प्रकार का अफवाह नहीं फैलाया जाए। सोशल मीडिया पर जिला प्रशासन और राज्य स्तर की टीम द्वारा सतत् निगरानी की जा रही है। बैठक में पुलिस कप्तान सादिक अनवर रिजवी द्वारा जानकारी दी गई कि उक्त मामले में सदर थाना, लोहरदगा में मामला -केस नंबर 174/25, दिनांक 19 सितंबर को दर्ज कर लिया गया है और पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
उपायुक्त द्वारा आम लोगों से अपील की गई कि पर्व-त्यौहारों में असामाजिक तत्वों द्वारा अक्सर आपसी सौहार्द्र बिगाड़ने का प्रयास किया जाता है। इसके लिए वे किसी भी माध्यम का इस्तेमाल करते हैं। इसलिए लोगों से अपील है कि आप वैसे असामाजिक तत्वों के इरादों को सफल बनाने का माध्यम न बनें और ऐसे किसी भी मैसेज को सोशल मीडिया पर फॉरवर्ड करने से बचें। ऐसे किसी प्रकार की सूचना प्राप्त होने पर स्थानीय या जिला प्रशासन को सूचित करें। जिला प्रशासन लोहरदगा जिला में शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए बेहद संवेदनशील और तत्पर है। बैठक में उप विकास आयुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, एसडीओ अमित कुमार, एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा, सदर थाना प्रभारी और दोनों पक्षों के लोग मौजूद थे।


