Hindi NewsJharkhand NewsLohardaga NewsCelebration of Diwali and Kali Puja Lights Up Lohardaga with Joy and Tradition
दीपों से जगमगाया घर-आंगन, दीपावली पर हुई मां लक्ष्मी और काली की पूजा

दीपों से जगमगाया घर-आंगन, दीपावली पर हुई मां लक्ष्मी और काली की पूजा

संक्षेप: लोहरदगा में दीपावली और काली पूजा का उल्लास सोमवार शाम से देर रात तक रहा। घर-घर में भगवान गणेश और माता लक्ष्मी की पूजा अर्चना की गई। महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में पूजा में भाग लिया। आतिशबाजी ने...

Tue, 21 Oct 2025 11:12 PMNewswrap हिन्दुस्तान, लोहरदगा
share Share
Follow Us on

लोहरदगा,संवाददाता। लोहरदगा भर मे सोमवार शाम से देर रात तक दीपावली और काली पूजा का उल्लास छाया रहा। जिलेभर में दीपों की जगमगाहट के साथ पूजा-अर्चना का दौर चलता रहा। घर-घर में प्रतिमा स्थापित कर भगवान गणेश और माता लक्ष्मी की विधिवत पूजा अर्चना की गई। लोगों ने अपने घर-आंगन में दीये जलाकर सुख, समृद्धि और शांति के लिए प्रार्थना की। वही काली पूजा की भी धूम रही। महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सज-धजकर पूजा में भाग लिया। दीपावली पर बच्चों व युवाओं ने जमकर आतिशबाजी कर दीपोत्सव की रौनक बढ़ा दी। नगर की गलियां, बाजार, मुहल्ले और गांव भी रंगबिरंगी रौशनी से नहाया रहा।

मिट्टी के पारंपरिक दीयों से लेकर डिजाइनर और कलात्मक दीयों तक की चमक हर घर में दिखाई दी। दुकान,घर और पूजा स्थल में की गई विद्युत सज्जा ने जिले को आलोकित कर दिया। दीपों की झिलमिलाहट के साथ जिलेवासियों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं। मिठाईयों और पारंपरिक पकवानों का जायका लोगों ने लिया। मौके पर जिले के श्रीश्री दुर्गा बाड़ी, हटिया गार्डन काली मंदिर, नवाड़ी पाड़ा चंडी बाड़ी, रेलवे स्टेशन परिसर और निगनी समेत दर्जनों स्थानों पर मां काली की पूजा-अर्चना देर रात तक जारी रही। वहीं पूजा उपरांत भोग का वितरण किया गया। नगर के सिद्धिदात्री मंदिर में रात्रि भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। जिले भर में दिवाली की रात उल्लास,आस्था और परंपरा का संगम देखने को मिला। त्योहार पर बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक मे खुशी देखी गई। वहीं, परंपरा के नाम पर कुछ स्थानों पर शौकीनों ने जुआ खेलकर पुरानी रीति निभाई। त्योहार को ले जिला प्रशासन भी अलर्ट मोड पर रहा। सभी पूजा पंडालों समेत चौक-चौराहों में पुलिस बल के जवान तैनात रहे वहीं लगातार गश्ती भी जारी रही। श्रद्धा भाव से रोशनी और भक्ति का त्योहार दिवाली और काली पूजा ने जिले में खुशियों की नई ऊर्जा भर दी है।