Lohardaga News: मेजर ध्यानचंद हाकी के जादूगर और देश के गौरव: अजातशत्रु
Lohardaga News: लोहरदगा के ग्रेटर त्रिवेणी पब्लिक स्कूल में हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती को राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया गया। मुख्य अतिथि अजातशत्रु ने छात्रों को प्रेरित किया कि वे खेल में महारत हासिल करें। स्कूल में कबड्डी और वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न हाउसों ने भाग लिया।

Lohardaga News: लोहरदगा, संवाददाता। ग्रेटर त्रिवेणी पब्लिक स्कूल, लोहरदगा में हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झारखंड प्रदेश भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष एवं पूर्व रणजी खिलाड़ी अजातशत्रु, विद्यालय के प्राचार्य एसके झा और शिक्षकों ने मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
प्रतियोगिता का आयोजन
इसके बाद विद्यालय परिसर में शारीरिक शिक्षक एस सुजाउद्दीन राजा और अरुण बड़ाइक के निर्देशन में कबड्डी और वॉलीबॉल प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विद्यालय के एकता, विवेक, संस्कार और प्रगति हाउस के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रोमांचक मुकाबले के बाद कबड्डी बालिका वर्ग में संस्कार हाउस विजेता और विवेक हाउस उपविजेता रहा। वहीं वॉलीबॉल बालक वर्ग में विवेक हाउस ने विजेता और संस्कार हाउस ने उपविजेता का खिताब हासिल किया।
मुख्य अतिथि का संबोधन
मुख्य अतिथि अजातशत्रु ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि मेजर ध्यानचंद हॉकी के जादूगर और भारत के गौरव थे। उनके जीवन से प्रेरणा लेकर विद्यार्थियों को किसी एक खेल में महारत हासिल करने का लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में खेल के क्षेत्र में असीम संभावनाएं हैं। झारखंड के रांची निवासी महेंद्र सिंह धोनी और सिमडेगा निवासी सुमराय टेटे ने खेल के माध्यम से न केवल अपना जीवन संवारा, बल्कि देश का नाम भी रोशन किया है।
खेल का महत्व
उन्होंने कहा कि खेल का मैदान अनुशासन सीखने की सबसे बड़ी पाठशाला है। खेल के माध्यम से व्यक्ति अनुशासन और व्यवस्थित जीवन जीने की कला सीखता है, जिससे जीवन के लक्ष्य को प्राप्त करना आसान हो जाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी रुचि के किसी एक खेल का चयन कर अच्छे मार्गदर्शक के निर्देशन में निरंतर अभ्यास करने की अपील की।
विद्यालय के शिक्षकों की भूमिका
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षक- शिक्षिकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
फोटो--15--ग्रेटर त्रिवेणी पब्लिक स्कूल, लोहरदगा में मेजर ध्यानचंद की जयंती जयंती मनाई गयी।


