
वार्ड संख्या 10 वासियों को जन समस्याओं के समाधान की है आस
लोहरदगा नगर क्षेत्र के वार्ड संख्या 10 में 5000 से अधिक की आबादी निवास करती है। यहां सड़क, नाली, पानी की पाइपलाइन और स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी है। स्थानीय लोगों ने नगर प्रशासन से समस्याओं के समाधान की मांग की है, जिसमें टीपू सुल्तान चौक के समीप फटी पाइपलाइन और नियमित सफाई की आवश्यकता शामिल है।
लोहरदगा, संवाददाता। लोहरदगा नगर क्षेत्र के वार्ड संख्या 10, नगर के बड़ा तालाब के आसपास बसा मुहल्ला है जहां 5000 से अधिक की आबादी निवास करती है। वार्ड क्षेत्र में 1646 मतदाता हैं। वार्ड संख्या 10 में मुख्य पथ पर बड़ा तालाब से सदर अस्पताल तक का पश्चमी हिस्सा,बंगला रोड,दीनिया मदरसा का पश्चिमी क्षेत्र,रमजानी गली,टीपू सुल्तान चौक,कुरैशिया मुहल्ला का आंशिक क्षेत्र और राहत नगर का आंशिक क्षेत्र पड़ता है। लोहरदगा: वार्ड संख्या 10 शहर के मध्य बसा हुआ इलाका है, इसके बावजूद यहां अब भी कई बुनियादी समस्याएं बनी हुई हैं। वार्ड के विभिन्न मुहल्लों में पक्की सड़क, नाली, पाइपलाइन, स्ट्रीट लाइट, नियमित साफ- सफाई और कचरा उठाव जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है।
वार्ड के टीपू सुल्तान चौक के समीप फटे पाइपलाइन से प्रतिदिन बहने वाला पानी सालों से स्थानीय लोगों के साथ-साथ राहगीरों को भी परेशान कर रही है। बताते चले कि इसी सड़क से होकर जिले के प्रमुख पर्यटनस्थल बगड़ू हिल, केकरांग और लावापानी पहुंचा जा सकता है, ऐसे में इन पर्यटन स्थल जाने वाले पर्यटकों पर क्या बीतती होगी इसके साथ ही वार्ड के बगड़ू मोड़ से टीपू सुल्तान चौक पर लगातार लगने वाले जाम से भी आम लोग हलकान रहते हैं। लगातार सड़क पर होने वाले जल जमाव से सड़क क्षतिग्रस्त हो चुकी है और नालियों के ओवरफ्लो होने से आसपास के घरों और दुकानों तक गंदा पानी फैल जाता है। बरसात के समय स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वार्ड के कई मुहल्लों में अब तक न तो नाली निर्माण कराया गया है और न ही पक्की सड़कों का निर्माण हुआ है। जगह-जगह टूटी-फूटी सड़कें और खुली नालियां दुर्घटनाओं को न्योता दे रही हैं। वहीं स्ट्रीट लाइट की कमी के कारण रात के समय अंधेरा पसरा रहता है, जिससे असामाजिक तत्वों का डर बना रहता है। नियमित सफाई और कचरा उठाव नहीं होने से बीमारियों का खतरा भी बना रहता है। वार्डवासियों ने नगर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द से जल्द समस्याओं के समाधान की मांग की है। लोगों का कहना है कि शहर के मध्य स्थित वार्ड होने के बावजूद यदि सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं, तो इसे प्रशासनिक उदासीनता ही कहेंगे। वार्ड की पांच प्रमुख समस्याएं 1- टीपू सुल्तान चौक के समीप सालों से फाटा है पाइपलाइन 2- फट पाइपलाइन की वजह से सड़क पर जमा रहता है पानी, बगड़ू मोड़ से पेशरार जाने वाली सड़क हो रही है खराब। 3- वार्ड के कई मुहल्लों में आज भी नाली का है अभाव, सड़कों पर बहता है नाली का पानी 4- वार्ड के मछली गली में सड़क नही हुई है पक्की। 5- वार्ड के 25 फिसदी हिस्से में पाइपलाइन की व्यवस्था नही स्थानीय लोगों के पांच सुझाव 1- टीपू सुल्तान चौक में फटी पाइपलाइन की मरम्मत सुनिश्चित हो। 2- वार्ड में आवश्यकतानुसार नालियों का निर्माण सुनिश्चित हो। 3- बगड़ू मोड़ में प्रतिदिन होने वाले सड़क जाम से मिले निजात। 4- पूरे वार्ड क्षेत्र में पाइपलाइन बिछाई जाये। 5- वार्ड की सड़कों की मरम्मत हो और जहां सड़क कच्ची हो वहां सड़क का पक्कीकरण हो। पेयजल वार्ड संख्या 10 में पेयजल के लिए 03 सोलर आधारित भैट और दर्जन भर चापाकल हैं जिनमें से वर्तमान में दो चापाकल खराब हैं। वार्ड क्षेत्र में गर्मी के मौसम में टैंकर से पानी सप्लाई पर स्थनीय लोग निर्भर रहते हैं। टीपू सुल्तान चौक के समीप सालों से क्षतिग्रस्त पाइपलाइन के कारण प्रदूषित जलापूर्ति होती है। वार्ड के 25 फिसदी क्षेत्र को अब भी पाइपलाइन बिछने और पाइपलाइन से जलापूर्ति का इंतिजार है। सड़क वार्ड क्षेत्र से होकर जिले के प्रमुख पर्यटन स्थल बगड़ू हिल, केकरांग और लावापानी तक जाने वाली सड़क टीपू सुल्तान चौक के समीप जल जमाव के कारण क्षतिग्रस्त हो चुकी है, वहीं वार्ड के रमजानी गली और मछली गली की सड़क को निर्माण का इंतजार है। वार्ड क्षेत्र के कई अंदरूनी मुहल्लों में सड़क और नाली मरम्मत की आवश्यकता है। इसके साथ ही बगड़ू मोड़ पर यातायात प्रबंधन और सड़क जाम से निजात की आवश्यकता है। स्ट्रीट लाइट वार्ड क्षेत्र की मुख्य सड़कों पर स्ट्रीट लाइट और चौक- चौराहों पर हाई मस्ट लाइट रौशन हो रहे हैं। पर भीतरी मुहल्लों को अब भी स्ट्रीट का इंतजार है ताकि अंधेरी रात में सड़क से गुजरना आसान हो सके। साफ-सफ़ाई वार्ड क्षेत्र में साफ-सफाई की स्थिति भी बहुत बेहतर नही कही जा सकती है। वार्ड की मुख्य सड़क तक कि नालियों की नियमित सफाई नही होने से वार्ड के कई मुहल्लों में बदबू का साम्राज्य कायम रहता है। वार्ड के कई मुहल्लों में तो घरों से निकलने वाली नालियां सड़क पर बहती रहती है। वहीं अंदरूनी मुहल्लों में नियमित कचरे का उठाव नही होने से लगातार स्थानीय लोग परेशान रहते हैं। क्या बोले वार्ड पार्षद वार्ड क्षेत्र में कुछ माह पूर्व सफाई की स्थिति अच्छी नही थी पर अब स्तिथि में सुधार है। कंपनी को कचरे के उठाव के आधार पर भुगतान होता है इसलिए कंपनी के सफ़ाई कर्मी सफाई में ध्यान दे रहे हैं। जहां स्ट्रीट लाइटें खराब थी अभी हाल ही में खराब स्ट्रीट लाइटों को बदला गया है इसके बावजूद भी अभी औऱ कई समस्याओं के निष्पादन की आवश्यकता है। वार्ड क्षेत्र में नाली निर्माण, रेहान मस्जिद और राहतनगर में जल निकासी की व्यवस्था की आवश्यकता है। मकबूल आलम, निवर्तमान वार्ड पार्षद,वार्ड 10 प्रतिद्वंदी प्रत्याशी बोले वार्ड क्षेत्र में जितना काम करने की जरूरत थी, उस हिसाब से काम हुआ ही नही है आज भी वार्ड क्षेत्र में समस्याएं मुहं बाए खड़ी है। सबसे बड़ी समस्या तो टीपू सुल्तान चौक में क्षतिग्रस्त पाइप लाइन ही है जिससे चौक के समीप लगातार जल जमाव बना रहता है और सड़क जर्जर हो चुकी है। फटे पाइपलाइन का पानी नालियों में जाता है और नालियां ओवरफ्लो होकर सड़क पर बहने लगती है। वासिफ कयूम क्या बोले वार्ड के निवासी वार्ड के मुहल्लों में जल निकासी के लिए ड्रेनेज सिस्टम दुरुस्त करने के लिए नालियों के जाल बिछाने और उनका नियमित सफाई की आवश्यकता है। मुहल्लों में नियमित सफाई और कचरा उठाव की आवश्यकता है। मो.अरशद वार्ड क्षेत्र की अंधेरी गलियों में स्ट्रीट लाइट लगवाना चाहिए। कई जगह नालियों का स्लैब टूट गया है उसकी मरम्मत होनी चाहिए। मछली गली में बुनियादी सुवीधा बहाल करने की आवश्यकता है। मो. मतीन बगड़ू मोड़- पेशरार मुख्य सड़क पर टीपू सुल्तान चौक के समीप वर्षों से पाइप लाइन फटी हुई है जिससे सड़क पर पानी जमा रहता है, सड़क भी खराब हो रही है। नाली का पानी दुकान तक मे चढ़ जाता है, व्यवसाय करने में भी परेशानी होती है। वही फटी पाइप लाइन के कारण प्रदूषित जलापूर्ति का खतरा बना रहता है। साजिद अहमद सफाई की स्थिति तो कमोबेश ठीक-ठाक ही है। परंतु बगड़ू मोड़ के समीप लगातार सड़क जाम की हालत बनने से परेशानी होती है। यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की आवश्यता है। दीपक कर्मकार उर्फ दीपू फोटो-11- लोहरदगा वार्ड संख्या 10 के टीपू सुल्तान चौक के समीप जमा पानी और टूटी सड़क फोटो-12-मकबूल आलम फोटो-13-वासिफ कयूम फोटो-14-मो.अरशद फोटो-15- मो. मतीन फोटो-16-साजिद अहमद फोटो-17-दीपक कर्मकार उर्फ दीपू

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




