आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन पर कार्यशाला आयोजित
लोहरदगा में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों ने हेल्थ फैसिलिटी रजिस्ट्री, आभा और एबीएचए आईडी के महत्व पर चर्चा की। स्वास्थ्य विभाग ने डिजिटल हेल्थ आईडी के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को सरल और पारदर्शी बनाने की दिशा में कदम उठाने का आश्वासन दिया।

लोहरदगा, संवाददाता। आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन को ले बुधवार को लोहरदगा सिविल सर्जन कार्यालय स्थित सभागार में जिला स्तरीय कार्यशाला सह बैठक का आयोजन किया गया। इसमें सभी सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी-सीएचओ उपस्थित थे। कार्यशाला का उद्देश्य आभा, हेल्थ फैसिलिटी रजिस्ट्री एवं हेल्थ प्रोफेशनल रजिस्ट्री के महत्व और लाभों के बारे में आम जनता को जागरूक करना तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में आने वाले सभी मरीजों का एबीएचए आईडी बनाना सुनिश्चित करना है। साथ ही आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत जानकारी लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। इस अवसर पर जिला डाटा प्रबंधक एमजेड जाहिद ने पोर्टल की ऑनलाइन प्रक्रिया एवं पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से एबीडीएम से संबंधित विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन का क्रियान्वयन जिले के अंतिम गांव तक सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं सरल, सुलभ और पारदर्शी तरीके से मिल सकें। उन्होंने डिजिटल हेल्थ आईडी के माध्यम से मरीजों के स्वास्थ्य रिकॉर्ड को सुरक्षित और एकीकृत रखने की प्रक्रिया पर भी प्रकाश डाला। कार्यशाला में सभी सीएचओ को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने स्वास्थ्य केंद्रों में आईईसी गतिविधियां, दीवार लेखन एवं जन- जागरूकता अभियान संचालित करना सुनिश्चित करें, जिससे अधिक से अधिक लोग इस योजना का लाभ उठा सकें। स्वास्थ्य विभाग ने भरोसा जताया कि डिजिटल माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में यह पहल जिले के लिए मील का पत्थर साबित होगी। कार्यशाला में कई मेडिकल कर्मी शामिल थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


