उर्स मेला भाईचारे, प्रेम और सौहार्द्र का प्रतीक: रत्नेश
बाबा दुखन शाह के सालाना उर्स मुबारक के अवसर पर आयोजित उर्स मेला का उद्घाटन बुधवार को थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रत्नेश मोहन ठाकुर ने किया। उद्घाटन

लोहरदगा, संवाददाता। बाबा दुखन शाह के सालाना उर्स मुबारक के अवसर पर आयोजित उर्स मेला का उद्घाटन बुधवार को थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रत्नेश मोहन ठाकुर ने किया। उद्घाटन के साथ ही पूरा मेला क्षेत्र जायरीनों की चहल-पहल से गुलजार हो उठा। इस मौके पर अंजुमन इस्लामिया के सदर अब्दुल रउफ अंसारी, सचिव शाहिद अहमद बेलू, कोषाध्यक्ष फिरोज शाह, सहसचिव अनवर अंसारी, अल्ताफ कुरैशी, मेला आयोजन समिति के चीफ कन्वेनर राजा अंसारी, अराफात अंसारी, दानिश अली, जिल्लानी अंसारी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग और स्थानीय नागरिक मौजूद थे। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रत्नेश मोहन ठाकुर ने कहा कि उर्स मेला आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द का प्रतीक है।
ऐसे आयोजन समाज में शांति, सद्भाव और एकता को मजबूत करते हैं। उन्होंने मेला समिति को प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है, ताकि जायरीनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। अंजुमन कमेटी के सदर अब्दुल रउफ अंसारी ने कहा कि हजरत बाबा दुखन शाह (र.अ.) का संदेश इंसानियत, प्रेम और आपसी भाईचारे का है। उर्स मेला इसी संदेश को आगे बढ़ाने का माध्यम है, जिसमें सभी धर्मों और वर्गों के लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। उन्होंने मेला को सफल बनाने में प्रशासन और आम जनता के सहयोग के लिए आभार जताया। वहीं सचिव शाहिद अहमद बेलू ने कहा कि मेला आयोजन समिति द्वारा साफ-सफाई, सुरक्षा, पेयजल और रोशनी सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। जायरीनों की सुविधा और शांति बनाए रखना समिति की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से मेला की गरिमा बनाए रखने और आपसी सौहार्द के साथ कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की। उर्स मेला के उद्घाटन के साथ ही क्षेत्र में धार्मिक और सांस्कृतिक उत्साह का माहौल देखने को मिला, जो पूरे आयोजन अवधि तक जारी रहेगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




