Latehar News: हाथी ने घर तोड़कर अनाज किया चट,फसलों को भी किया बर्बाद
Latehar News: बालूमाथ में बेखौफ जंगली हाथी ने कुशी टोला, पारनदी के एक घर को क्षति पहुंचाई। हाथी ने अनाज खा लिया और मकस्स फसल भी बर्बाद कर दिया। परिवार ने मुश्किल से अपनी जान बचाई। ग्रामीणों ने वन विभाग से सहायता की मांग की है।

Latehar News: बालूमाथ,प्रतिनिधि। बालूमाथ वन क्षेत्र के झाबर पंचायत के कोमर गांव के कुशी टोला, पारनदी में जंगली हाथी ने बीती रात एक घर को क्षतिग्रस्त कर दिया। वहीं घर में रखे अनाज को भी खा गया।
घटना का विवरण
इस दौरान घर में सो रहे बिफा उरांव ,उनकी पत्नी और बच्चे किसी तरह घर से बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। बताया जाता है कि देर रात हाथी ने बिफा उरांव के घर को तोड़ने का प्रयास किया। घर टूटने की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य घबराकर बाहर निकल गए और आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। ग्रामीणों के पहुंचने तक हाथी घर में रखे खाद्यान्न को खा चुका था। इसके बाद हाथी ने घर के समीप लगी मक्का की फसलों को भी रौंदकर व खाकर बर्बाद कर दिया। हाथी के इस उत्पात से पीड़ित परिवार को काफी नुकसान हुआ है। घटना के बाद गांव में भी दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों की मांग
इधर ग्रामीणों ने वन विभाग से जंगली हाथियों के उत्पात से निजात दिलाने तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। उधर घटना की सूचना मिलने पर भाजपा पश्चिमी मंडल अध्यक्ष गजेंद्र हिमांशु मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान रामकुमार गुप्ता,संजय यादव,वासुदेव उरांव,बहादुर भोक्ता समेत कई ग्रामीण मौजूद थे।


