गारू में अधूरी जलनल योजना से 10 गांव वंचित, जिप सदस्य ने डीसी से की हस्तक्षेप की मांग
धागाटोला पंचायत में जलनल योजना अधूरी है, जिससे 10 गांव नल-जल सुविधा से वंचित हैं। जिला परिषद सदस्य जीरा देवी ने डीसी से हस्तक्षेप की मांग की है। योजना का उद्देश्य स्वच्छ पेयजल हर घर तक पहुंचाना है, लेकिन कार्य में देरी से ग्रामीणों को परेशानी हो रही है।

गारू, प्रतिनिधि। प्रखंड क्षेत्र के धागाटोला पंचायत में जलनल योजना के अधूरे रहने से अब तक लगभग 10 गांव नल-जल सुविधा से वंचित हैं। इस गंभीर समस्या को लेकर जिला परिषद सदस्य जीरा देवी ने डीसी से शीघ्र हस्तक्षेप करते हुए योजना को जल्द से जल्द पूर्ण कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना है, लेकिन कार्य में हो रही देरी के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई गांवों में लोग अब भी दूर-दराज के जलस्रोतों पर निर्भर हैं, जिससे खासकर महिलाओं और बच्चों को काफी दिक्कत होती है।
इस संबंध में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के सहायक अभियंता से बातचीत में बताया गया कि धागटोला क्षेत्र के कुल 10 गांवों के लगभग एक हजार घरों तक जलापूर्ति का लक्ष्य निर्धारित था, जिसे दो वर्ष पूर्व ही पूरा किया जाना था। लेकिन संवेदक की लापरवाही के कारण कार्य समय पर पूरा नहीं हो सका। विभाग द्वारा अतिरिक्त समय (एक्सटेंशन) देने के बावजूद अपेक्षित प्रगति नहीं हुई। अधिकारी ने भरोसा दिलाया कि फिलहाल योजना अंतिम चरण में है और कुछ ही दिनों में कार्य पूर्ण कर जलापूर्ति शुरू कर दी जाएगी। वहीं ग्रामीणों ने मांग की है कि लापरवाह संवेदक पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने और हर घर तक समय पर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


