नीर नारी शक्ति थीम पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का हुआ आयोजन
लातेहार में पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर भवन में नीर नारी शक्ति थीम पर जल महोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने जल संरक्षण और स्वच्छता के महत्व पर जोर दिया। महिलाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया गया और उत्कृष्ट कार्य करने वाली जलसहियाओं को सम्मानित किया गया।

लातेहार,संवाददाता। पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर भवन में नीर नारी शक्ति थीम पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन रविवार को किया गया। कार्यक्रम पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, लातेहार के तत्वावधान में जल महोत्सव -गांव का उत्सव, देश का महोत्सव के अंतर्गत अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित किया गया था। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने । कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता, जिप अध्यक्ष पूनम देवी, डीडीसी सैय्यद रियाज अहमद, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी अल्का हेंब्रम, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल कार्यपालक अभियंता दीपक महतो, समूह की दीदियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस दौरान उपायुक्त ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिले की सभी माताओं एवं बहनों को, हार्दिक शुभकामनाएं दी।
कार्यक्रम में उपायुक्त ने जल संरक्षण एवं स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जल जीवन का आधार है और इसके संरक्षण में समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जल महोत्सव के माध्यम से लोगों को जल संरक्षण, सुरक्षित पेयजल, स्वच्छता तथा जल स्रोतों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने नीर नारी शक्ति की अवधारणा पर जोर देते हुए कहा कि जल प्रबंधन एवं संरक्षण में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) एवं जल जीवन मिशन के तहत अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली जलसहिया एवं स्वयं सहायता समूह की दीदियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। उपायुक्त ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इनकी सक्रिय भागीदारी से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता एवं सुरक्षित पेयजल की व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान मिल रहा है। पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता ने बताया कि 08 मार्च से 22 मार्च 2026 तक जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों में जल महोत्सव के तहत जागरूकता कार्यक्रम, रैली, संवाद कार्यक्रम एवं जनभागीदारी आधारित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जिससे आमजन में जल संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। कार्यक्रम में उप निर्वाचन पदाधिकारी मड़की मेरी,गोपनीय प्रभारी पदाधिकारी श्रेयांश, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन, संबंधित विभागों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


