एसआईआर प्रक्रिया को लेकर मतदाताओं को बीडीओ ने किया जागरूक

Newswrap हिन्दुस्तान, लातेहार
share

चंदवा में बीडीओ चंदन प्रसाद ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के लिए जागरूकता अभियान शुरू किया। उनका उद्देश्य है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे। बीएलओ मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन का कार्य करेंगे। मतदाताओं को चार श्रेणियों में विभाजित किया गया है।

एसआईआर प्रक्रिया को लेकर मतदाताओं को बीडीओ ने किया जागरूक

चंदवा, प्रतिनिधि। बीडीओ सह निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी चंदन प्रसाद ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर जागरूकता अभियान चलाया। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रखंड क्षेत्र में जल्द ही एसआईआर की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, जिसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रह जाए। बीडीओ ने जानकारी देते हुए कहा कि बीएलओ के माध्यम से मतदाता सूची में नाम जोड़ना, हटाना और संशोधन का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। साथ ही ऐसे लोगों का सत्यापन भी होगा, जिनका नाम अब तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है।

उन्होंने बताया कि प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाने के लिए मतदाताओं को चार श्रेणियों ए, बी, सी और डी में विभाजित किया गया है। ए श्रेणी में वर्ष 2003 की मतदाता सूची में दर्ज मतदाता शामिल हैं, जिन्हें केवल संबंधित पृष्ठ की छायाप्रति देनी होगी। बी श्रेणी में 1 जुलाई 1987 से पहले जन्मे ऐसे मतदाता आते हैं, जिनका नाम 2003 सूची में नहीं है, उन्हें जन्म तिथि एवं स्थान का प्रमाण देना होगा। सी श्रेणी में 1 जुलाई 1987 से 2 दिसंबर 2004 के बीच जन्मे मतदाता शामिल हैं, जिन्हें अपने माता या पिता से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। वहीं डी श्रेणी में 2 दिसंबर 2004 के बाद जन्मे मतदाता आते हैं, जिन्हें दोनों अभिभावकों में से किसी एक के जन्म संबंधी प्रमाण देना अनिवार्य होगा। हालांकि, यदि इनके माता-पिता का नाम 2003 की सूची में है, तो केवल संबंधित पृष्ठ की प्रति पर्याप्त होगी। बीडीओ ने बताया कि बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्र भरवाएंगे और आवश्यक दस्तावेज एकत्रित करेंगे। उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे इस प्रक्रिया में सहयोग करें और समय पर दस्तावेज उपलब्ध कराएं, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने अधिकार से वंचित न रहे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।