
सड़क व स्वास्थ्य सुविधा के अभाव में घायल महिला को बहंगी से पहुंचाया अस्पताल
जिले में विकास के दावे उस वक्त खोखले नजर आते हैं,जब आज भी कई ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव झेलना पड़ रहा है।
लातेहार, प्रतिनिधि। जिले में विकास के दावे उस वक्त खोखले नजर आते हैं, जब आज भी कई ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव झेलना पड़ रहा है। ऐसा ही मार्मिक दृश्य सदर प्रखंड मुख्यालय से महज 15 किलोमीटर दूर पोचरा पंचायत के मराबार गांव स्थित टेंगरा पत्थर टोला में देखने को मिला। शनिवार को इस टोला की 55 वर्षीय महिला जितनी देवी अपने घर में पैर फिसलने से गिर पड़ीं, जिससे उनका दाहिना पैर टूट गया। दुर्घटना के बाद परिजनों ने जब इलाज के लिए एंबुलेंस बुलाने की कोशिश की तो उन्हें बताया गया कि सड़क की दुर्दशा के कारण वाहन उस क्षेत्र तक नहीं पहुंच सकता।
मजबूर होकर महिला के पुत्र संदीप उरांव और कुलदीप उरांव ने ग्रामीणों की मदद से बांस की बहंगी बनाकर घायल मां को अस्पताल ले जाने का निर्णय लिया। गांव से करीब 6 किलोमीटर तक उबड़-खाबड़ रास्ते से गुजरते हुए ग्रामीण महिला को सदर अस्पताल लातेहार ले जाने निकले। इस दौरान उन्हें कई बार रुककर आराम करना पड़ा। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में वर्षों से सड़क और चिकित्सीय सुविधा की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाई है कि जल्द से जल्द सड़क निर्माण और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में किसी भी आपात स्थिति में ग्रामीणों को इस तरह की कठिनाई का सामना न करना पड़े। इधर, आदिवासी नेता रमेश उरांव ने जिला प्रशासन से उक्त टोला में सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बहाल करने की मांग की हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




