रेंजर तरुण सिंह के पदस्थापन पर ग्रामीणों ने शुरू किया विरोध, पीसीसीएफ को दिया ज्ञापन प्रभार के भरोसे हाथी रेंज की सुरक्षा,300 किमी दूर बैठे रेंजर पर उठे सवाल हाथी-मानव संघर्ष पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी जता चुके हैं चिंता
पलामू टाइगर रिजर्व के बारेसांड़ वन क्षेत्र में प्रभारी रेंजर तरुण सिंह के अतिरिक्त प्रभार के खिलाफ ग्रामीण सड़क पर उतरने की तैयारी कर रहे हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि रेंजर को नहीं हटाया गया तो आंदोलन करेंगे। उनका कहना है कि दूरस्थ अधिकारी को प्रभार देना जमीनी सुरक्षा के लिए खतरा है।

गारू प्रतिनिधि । पलामू टाइगर रिजर्व अंतर्गत अति संवेदनशील बारेसांड़ वन क्षेत्र में प्रभारी रेंजर तरुण सिंह को अतिरिक्त प्रभार दिए जाने के फैसले के खिलाफ अब ग्रामीण खुलकर सड़क पर उतरने की तैयारी में हैं। लाटू, कुजरुम और बारेसांड़ सहित हाथी प्रभावित गांवों के ग्रामीणों ने बैठक कर स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि यदि प्रभारी रेंजर तरुण सिंह को यहां से नहीं हटाया गया तो आंदोलन शुरू किया जाएगा। ग्रामीणों ने कहा कि जरूरत पड़ी तो वे विभाग का घेराव भी करेंगे। बैठक के बाद ग्रामीणों ने पीसीसीएफ को ज्ञापन भेजकर पदस्थापन रद्द करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि जहां सालभर हाथियों की आवाजाही, फसल नुकसान, मकान क्षति और जनहानि की घटनाएं होती रहती हैं, वहां 300 किलोमीटर दूर पदस्थ अधिकारी को प्रभार देना जमीनी सुरक्षा से सीधा समझौता है।
हाल के दिनों में राज्य में बढ़ते हाथी-मानव संघर्ष पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी चिंता जता चुके हैं और संवेदनशील रेंजों में निगरानी सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर जोर दे चुके हैं। ऐसे में बारेसांड़ जैसे हाथी प्रभावित क्षेत्र को दूरस्थ अतिरिक्त प्रभार पर चलाना विभागीय निर्णय प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


