
ग्रामीणों ने कोयला परिवहन को लेकर नवादा चौक पर अनिश्चितकालीन किया जाम डीवीसी कंपनी से अपना सड़क मार्ग बनाने की मांग
बालूमाथ के नवादा चौक में ग्रामीणों ने डीवीसी कंपनी द्वारा कोयला परिवहन के खिलाफ अनिश्चितकालीन सड़क जाम किया। ग्रामीणों का आरोप है कि भारी वाहनों से सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं और इससे दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने कंपनी को वैकल्पिक सड़क बनाने की मांग की है, अन्यथा कोयला परिवहन नहीं होने दिया जाएगा।
बालूमाथ, प्रतिनिधि। हेरहंज थाना क्षेत्र अंतर्गत नवादा चौक में कोयला परिवहन को लेकर एक बार फिर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है। डीवीसी कंपनी द्वारा ग्रामीण सड़क मार्ग का उपयोग कर कोयला ढुलाई किए जाने के विरोध में नवादा चौक पर बुधवार की सुबह ग्रामीणों ने अनिश्चितकालीन सड़क जाम कर दिया। जिससे कोयला लदे हाइवा वाहनों का परिचालन पूरी तरह ठप हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि डीवीसी कंपनी द्वारा भारी वाहनों से कोयला परिवहन किए जाने के कारण ग्रामीण सड़कें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। साथ ही हाइवा वाहनों की आवाजाही से दुर्घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।
कोयले की धूलकण से ग्रामीणों को सांस संबंधी बीमारियों समेत कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। धूल का सीधा असर खेतों की फसलों पर पड़ रहा है,जिससे पैदावार में गिरावट आई है। ग्रामीणों ने बताया कि लगभग एक वर्ष पूर्व इसी मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन किया गया था,जिसे जिला के वरीय पदाधिकारियों तथा डीवीसी कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ हुई वार्ता के बाद समाप्त किया गया था। उस समय कंपनी द्वारा छह माह के भीतर अपना वैकल्पिक सड़क मार्ग बनाने का आश्वासन दिया गया था। बावजूद इसके एक वर्ष बीत जाने के बाद भी कंपनी ने अपना सड़क मार्ग नहीं बनाया। ग्रामीणों ने साफ शब्दों में कहा है कि जब तक डीवीसी कंपनी कोयला खनन एवं परिवहन के लिए अपना अलग सड़क मार्ग नहीं बनाती है,तबतक ग्रामीण सड़क से कोयला लदे हाइवा वाहनों का परिचालन किसी भी सूरत में नहीं होने दिया जाएगा। आंदोलनकारी ग्रामीण प्रशासन से भी इस मामले में ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। ख़बर लिखे जाने तक 3 घंटे से नवादा हेरहंज मार्ग पर जाम जारी था,जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




