बनहरदी ग्रामसभा में कोल ब्लॉक को लेकर ग्रामीणों का विरोध

Mar 06, 2026 07:03 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, लातेहार
share

बनहरदी मौजा में पतरातू विद्युत ऊर्जा उत्पादन निगम लिमिटेड द्वारा कोल ब्लॉक स्थापित करने को लेकर एक ग्राम सभा का आयोजन हुआ। ग्राम प्रधान इंद्रदेव उरांव की अध्यक्षता में, ग्रामीणों ने वन भूमि पर अनापत्ति देने से इनकार किया। उनका कहना था कि जंगल पर उनकी निर्भरता है और खनन से प्रदूषण होगा।

बनहरदी ग्रामसभा में कोल ब्लॉक को लेकर ग्रामीणों का विरोध

चंदवा, प्रतिनिधि। प्रखण्ड के बनहरदी मौजा में पतरातू विद्युत ऊर्जा उत्पादन निगम लिमिटेड (पीवीयूएनएल) द्वारा कोल ब्लॉक स्थापित करने को लेकर शुक्रवार को बनहरदी के तीन मुहान के समीप वनभूमि के अंतर्गत पड़ने भूमि के संबंध में एफआरए को लेकर ग्रामसभा आयोजित की गई। ग्राम सभा की अध्यक्षता ग्राम प्रधान इंद्रदेव उरांव ने की जबकि ग्रामीणों की समस्याओं को सुनने को लेकर सीओ सुमित कुमार झा भी मौजूद थे। सीओ ने ग्राम सभा में मौजूद ग्रामीणों को एफआरए से संबंधित जानकारी साझा करने का प्रयास किया। लेकिन ग्रामीण किसी भी बात को मानने को तैयार नहीं दिखे व एफआरए को लेकर अनापत्ति देने से साफ इनकार कर दिया।

सीओ ने बताया कि यह केवल वन भूमि पर अनापत्ति को लेकर उक्त ग्राम सभा आयोजित है। जिसमें सिर्फ वन भूमि पर ही एनओसी के लिए है। आने वाले दिनों में रैयती या फिर गैर मजरूआ व बंदोबस्ती की जमीन को लेकर अलग से बैठक होगी। इसमें रैयतों के मामलों का निष्पादन किया जाएगा। ग्राम सभा में रैयतों ने अपनी बातों को रखते हुए कहा कि हम सभी ग्रामीणों का जीवन यापन जंगल पर ही निर्भर है। ऐसे में बिना जाने से सुने कैसे अनुमति दे दें, जंगल में अगर खनन कार्य होगा तो प्रदूषण होगा, अधिकारों को छीना जाएगा तो हम कहां जाएंगे। विगत कई वर्षों से दर्जनों ग्रामीणों का वन पट्टा को लेकर आवेदन दिया गया है, वह भी लंबित पड़ा है। हम सभी चाहते हैं कि क्षेत्र का विकास हो लेकिन इस विकास में अपनी जमीन देने वाले रैयतों का हक व अधिकार क्या है, इस पर गम्भीर चर्चा होनी चाहिए।आगे कहा कि पहले ग्राम सभा में आकर कंपनी प्रबंधन व जिले के वरीय अधिकार रैयतों के बीच अपनी नीति व नियत के साथ विकास का क्या रोड मैप है, इसे हम सभी के बीच रखें अगर ग्राम सभा को समझ आयेगा तो आगे की बात होगी। ग्रामीणों की बातों को सुनने के बाद सीओ ने कहा कि रैयतों की ओर से जो भी बाते आई है उसे जिले के वरीय अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। ग्राम सभा के मौके पर सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।