पुल, सड़क, बिजली और पानी के अभाव में बदहाल उदालखाड़, बरसात में गांव बन जाता है टापू
महुआडांड़ के परहाटोली पंचायत के ग्राम उदालखाड़ में बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। यहां पुल और सड़क नहीं होने के कारण बरसात में गांव टापू बन जाता है। स्थानीय लोग गंदे पानी के सेवन और बिजली की अनुपस्थिति से परेशान हैं। ग्रामीणों ने समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों से मदद की गुहार लगाई है।

महुआडांड़, प्रतिनिधि। प्रखंड मुख्यालय से करीब आठ किलोमीटर दूर परहाटोली पंचायत के ग्राम उदालखाड़ आज भी मूलभूत सुविधाओं के अभाव में बदहाल जीवन जीने को मजबूर है।
बुनियादी समस्याएँ
गांव के समीप बहने वाली बिरहा नदी पर पुल और सड़क नहीं होने के कारण हर वर्ष बरसात के दिनों में यह गांव टापू में तब्दील हो जाता है और बाहरी दुनिया से इसका संपर्क लगभग कट जाता है। ग्रामीणों के अनुसार गांव तक पहुंचने वाली कच्ची सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। बारिश के दौरान रास्ता कीचड़ से भर जाता है, जिससे आवागमन बेहद कठिन और जोखिमभरा हो जाता है। बिरहा नदी पर पुल नहीं होने के कारण उफनती नदी को पार करना जानलेवा साबित होता है। आपात स्थिति में बीमारों और गर्भवती महिलाओं को चारपाई पर लादकर आठ किलोमीटर घूमकर अस्पताल पहुंचाना पड़ता है। वहीं स्कूली बच्चों को भी बरसात में अभिभावकों के सहारे नदी पार कर स्कूल जाना पड़ता है।
जल जीवन मिशन की विफलता
जल जीवन मिशन के तहत लगाए गए जलमीनार वर्षों से खराब पड़े हैं। एक भी घर में नल से जलापूर्ति नहीं हो रही है। ग्रामीण नदी और चुआ के दूषित पानी पर निर्भर हैं। गर्मी के दिनों में महिलाओं को दो किलोमीटर दूर से पानी लाना पड़ता है, जबकि बरसात में गंदा पानी पीने की मजबूरी रहती है, जिससे उल्टी-दस्त, पीलिया और चर्म रोग जैसी बीमारियां फैलती हैं। गांव में बिजली के पोल लगाए गए हैं, लेकिन आज तक बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। शाम होते ही पूरा गांव अंधेरे में डूब जाता है। मोबाइल चार्ज करने के लिए लोगों को महुआडांड़ जाना पड़ता है।
ग्रामीणों की मांग
ग्रामीण रामचंद्र यादव, निकोदीन एक्का, दिलीप कुजूर, प्रेमचंद एक्का, प्रभा तिर्की, विशाल कोरवा सहित अन्य लोगों ने बताया कि सड़क, पानी और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं के अभाव ने गांव के विकास को रोक दिया है। ग्रामीणों ने स्थानीय विधायक और लातेहार उपायुक्त से शीघ्र समस्या समाधान की मांग की है।
फोटो- 16- महुआडांड़ के बिरहा नदी पर पुल नहीं होने के कारण नदी पार करती महिलाएं
फोटो- 17- गुरूवार को जलमीनार खराब होने के बाद में बताते परहाटोली पंचायत के ग्राम उदालखाड़ के ग्रामीण
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


