
अवैध भूमि कब्जा मामले की जांच की मांग, ग्रामीणों ने विधायक को सौंपा आवेदन
चंदवा अंचल के ग्राम बेतर के ग्रामीणों ने विधायक प्रकाश राम के जनता दरबार में आवेदन देकर सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कुछ लोग सरकारी जमीन पर कब्जा कर रहे हैं, जिससे आवागमन में कठिनाई हो रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
चंदवा, प्रतिनिधि। चंदवा अंचल ग्राम बेतर के ग्रामवासियों ने सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा किए जाने का आरोप लगाते हुए विधायक प्रकाश राम के जनता दरबार मे आवेदन सौंपा है। ग्रामीणों का कहना है कि खाता संख्या 145 एवं 146 से संबंधित सरकारी जमीन पर कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर लिया गया है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन और सामुदायिक उपयोग में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। आवेदन में उल्लेख किया गया है कि उक्त भूमि पूर्व से ग्राम समाज के उपयोग में रही है, लेकिन हाल के दिनों में कुछ लोगों द्वारा जबरन कब्जा कर निजी स्वार्थ के लिए प्रयोग किया जा रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि विरोध करने पर उन्हें धमकाया भी जा रहा है, जिससे गांव में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध कब्जा हटाया जाए तथा दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीण आंदोलन को मजबूर होंगे। इस आवेदन पर ग्राम प्रधान सहित कई ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं। जिसमे ग्राम प्रधान चरवा उरांव, वार्ड सदस्य बिगन उरांव, ग्राम वन संरक्षण समिति के अध्यक्ष नंदकिशोर उरांव सचिव सिमोन खाखा, पूर्व शिक्षक श्री बिरसा उरॉंव, चरकू उरॉंव, बालेश्वर सिंह, शिवनारायण यादव, पूरणचन्द महतो, गोपाल महली, रमेश कुजूर,शिवराम महली शामिल है। आवेदन की प्रतिलिपि अनुमंडल पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं थाना प्रभारी को भी भेजी गई है। ग्रामीणों ने विधायक से शीघ्र न्याय की गुहार लगाई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




