पाहन विवाद सुलझाने को ग्रामीणों ने सीओ से लगाई गुहार
चंदवा के रूद-बरवाटोली पंचायत के ग्रामीणों ने सीओ सुमित झा से मिलकर पारंपरिक पूजा शुरू करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि पूजा न होने से अशुभ घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने पाहन परिवार के बीच विवाद और भूमि कब्जे को लेकर कार्रवाई की मांग की है। सीओ ने समाधान के लिए बैठक करने का आश्वासन दिया।

चंदवा, प्रतिनिधि। प्रखंड के रूद-बरवाटोली पंचायत के ग्रामीणों ने सीओ सुमित झा से मिलकर गांव में पारंपरिक पूजा प्रारंभ कराने की गुहार लगाई है। चंदवा अंचल पहुंचे ग्रामीणों ने सीओ को बताया कि आरंभ से ही प्राकृतिक पूजा सरहुल, करमा, होलिका दहन, सावन सप्तमी का कार्य पाहन द्वारा किया जाता रहा था। इस कार्य के लिए ग्राम स्तर पर 33.47 (तैतीस एकड़ सैतालिस डिसमिल) जमीन भी है। उक्त जमीन को वर्तमान में पाहन परिवार अपने अधिकार में रखे हुए है। इसके बावजूद आपसी पारिवारिक विवाद मनोज पाहन, निर्मल पाहन, अशोक पाहन, राम सेवक राम, अर्जुन पाहन, सुखदेव पाहन, बासदेव पहान, जमूना देवी, राजो देवी, सुमित्रा देवी, सुगंती देवी द्वारा पूजा नहीं की जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार पांरपरिक पूजा का निर्वाह नहीं किए जाने के कारण ग्राम स्तर पर अशुभ घटनाएं घट रही है। ग्रामीणों ने पाहन को बदलने, अवैध कब्जा वाले पाहन की जमीन को मुक्त करने, पाहन जमीन को बेचने का प्रयास करनेवाले पर कार्रवाई करने समेत अन्य मांगे शामिल है। ग्रामीणों की बात सुनने के बाद अंचलाधिकारी सुमित झा ने कहा कि आगामी दिनों में गांव में बैठक कर दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद निष्पक्ष समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


