सड़क दुर्घटना में घायल की मौत के बाद उग्र ग्रामीणों ने शव के साथ किया सड़क जाम
लातेहार जिले के डीही गांव के निवासी मो.अय्यूब अंसारी की सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा और दुर्घटना के लिए जिम्मेदार चालक पर कार्रवाई की मांग करते हुए सड़क जाम कर दिया। सीसीएल अधिकारियों ने आर्थिक सहायता का आश्वासन दिया।

बालूमाथ,प्रतिनिधि। लातेहार जिले के डीही गांव निवासी मो.अय्यूब अंसारी उम्र लगभग 45 वर्ष की सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। जानकारी के अनुसार 26 जनवरी को सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल मो.अय्यूब अंसारी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया था,जहां बुधवार की शाम इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। मृत्यु की खबर मिलते ही गुरुवार को आक्रोशित ग्रामीणों एवं परिजनों ने बालूमाथ मुरपा मार्ग बसिया रेलवे ब्रिज स्थित झारखंड ढाबा के समीप मृतक के शव के साथ मैक्लुस्कीगंज-बालूमाथ मुख्य सड़क को जाम कर दिया।
सड़क जाम के कारण आवागमन पूरी तरह ठप हो गई और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। ग्रामीण मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने,दुर्घटना के लिए जिम्मेदार वाहन चालक के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने तथा सीसीएल के अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। सड़क जाम की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा बुझाकर जाम हटाने का प्रयास किया,लेकिन ग्रामीण सीसीएल अधिकारियों की मौजूदगी की मांग पर डटे रहे। इसके बाद सीसीएल के अधिकारी जाम स्थल पहुंचे और ग्रामीणों से वार्ता की। बातचीत के दौरान सीसीएल प्रबंधन की ओर से पीड़ित परिवार को ढाई लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिया गया। आर्थिक मदद देने के आश्वासन के बाद करीब 5 घंटे बाद सड़क जाम हटा लिया गया। जिससे आवागमन बहाल हो सका। पूरे घटनाक्रम के दौरान स्थानीय पुलिस विधि व्यवस्था बनाए रखने में तैनात रही। इस मौके पर स्थानीय कई जनप्रतिनिधि एवं सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। फोटो-16- गुरूवार को सड़क जाम स्थल पर मौजूद आक्रोशित ग्रामीण।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




