चंदवा की समस्याओं को लेकर सांसद से मिले प्रतिनिधि, यज्ञ व प्राण प्रतिष्ठा का दिया निमंत्रण
चतरा सांसद प्रतिनिधि दीपक निषाद के नेतृत्व में कुजरी में तीन दिवसीय यज्ञ एवं शिव-हनुमान मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समिति ने सांसद कालीचरण सिंह से मुलाकात की। इस दौरान सांसद को कार्यक्रम का निमंत्रण सौंपा गया और क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा की गई। सांसद ने समस्याओं के समाधान और टोरी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन ठहराव की जानकारी दी।

चंदवा प्रतिनिधि। चतरा सांसद प्रतिनिधि दीपक निषाद के नेतृत्व में मंगलवार को कुजरी में आहूत तीन दिवसीय यज्ञ एवं शिव-हनुमान मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समिति के सदस्यों के शिष्टमंडल ने चतरा सांसद कालीचरण सिंह से उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान चंदवा मंडल अंतर्गत कामता पंचायत के ग्राम कुजरी में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय यज्ञ एवं शिव-हनुमान मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का निमंत्रण मंदिर कमेटी कुजरी की ओर से सौंपा गया। मुलाकात के क्रम में प्रतिनिधिमंडल ने चंदवा क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को भी सांसद के समक्ष रखा। इस पर सांसद ने आश्वस्त किया कि क्षेत्र की बड़ी समस्याओं का समाधान जल्द किया जाएगा।
सांसद ने यह भी जानकारी दी कि टोरी रेलवे स्टेशन पर शीघ्र ही धनबाद-मुंबई एक्सप्रेस के ठहराव की व्यवस्था की जाएगी, जिससे क्षेत्रवासियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। मौके पर सांसद प्रतिनिधि दीपक निषाद, विजय जायसवाल, आलोक कुमार एवं पंकज जायसवाल सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


