विवेकानंद किशोर संस्थान ने कथा वाचक को किया सम्मानित
धोबी टोला मोहल्ले में आयोजित श्रीमद् भागवत पुराण महायज्ञ में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। कथा वाचक की वाणी से श्रद्धालुओं के हृदय में भक्ति और धर्म का भाव जागृत हो रहा है। इस अवसर पर सम्मान समारोह में कथा वाचक और उनकी टीम को सम्मानित किया गया।

चंदवा, प्रतिनिधि। शहर से सटे धोबी टोला मोहल्ले में बजरंग प्रसाद के द्वारा आयोजित श्रीमद् भागवत पुराण महायज्ञ इन दिनों पूरे क्षेत्र को भक्तिरस में डुबोए हुए है। प्रतिदिन कथा स्थल पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है और भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का श्रवण कर लोग भाव-विभोर हो रहे हैं। विवेकानंद किशोर संस्थान की ओर से कथा वाचक एवं उनकी पूरी टीम को शाल ओढ़ाकर तथा पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के दौरान पूरा पंडाल जय श्रीकृष्ण और हरि बोल के जयघोष से गूंज उठा। इस अवसर पर संस्थान के नरेश प्रसाद गुप्ता ने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा मानव जीवन को अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाने वाला दिव्य ग्रंथ है।
उन्होंने कहा कि कथा वाचक की वाणी से निकलने वाला प्रत्येक शब्द श्रद्धालुओं के हृदय को छू रहा है और समाज में धर्म, सदाचार और भक्ति का भाव जागृत कर रहा है। वहीं मोहिनीश कुमार ने कहा कि भागवत कथा केवल कथा नहीं, बल्कि आत्मा को परमात्मा से जोड़ने का माध्यम है। आज जब समाज भटकाव के दौर से गुजर रहा है, ऐसे में इस तरह के यज्ञ और कथाएं लोगों को संस्कारों की ओर लौटने का मार्ग दिखा रही हैं। उन्होंने कथा वाचक और उनकी टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी साधना और समर्पण से ही यह आयोजन सफल हो रहा है। इस अवसर पर भगवानदास गुप्ता, रामवृक्ष चौधरी, गणेश चौरसिया, राजेश चंद्र पांडेय, मनोज सिंह पप्पू, प्रमोद साहू, डॉ. अनिल, जयेश वरु, नीतीश तिवारी, रमन महतो, दीपक कुमार, राहुल कुमार समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


