
ध्वस्त कुटमू शिवनाला पुल की मरम्मत शुरू,लोगों में हर्ष
बेतला पंचायत के ग्राम कुटमू में ध्वस्त शिवनाला पुल का मरम्मती कार्य विधायक रामचंद्र सिंह की पहल पर शुरू हो गया है। पुल के ध्वस्त होने से स्थानीय लोगों और छात्रों को परेशानी हो रही थी। मरम्मती कार्य शुरू होने से क्षेत्र के 25 हजार लोगों को राहत मिलेगी।
बेतला, प्रतिनिधि। बेतला पंचायत के ग्राम कुटमू स्थित ध्वस्त शिवनाला पुल का मरम्मती कार्य विधायक रामचंद्र सिंह के सक्रिय पहल पर मंगलवार को शुरू कर दिया गया। इसबारे में विधायक प्रतिनिधि प्रेम सिंह ने बताया कि पुल के ध्वस्त होने से न सिर्फ बेतला के, बल्कि केचकी और पोखरीकला पंचायत के लोगों समेत कई पर्यटकों को भी जाने-आने में काफी परेशानी हो रही थी। पुल के बिना पढ़ाई करने हाई स्कूल सरईडीह के बच्चों को दो से ढाई किमी की दूरी अधिक तय करनी पड़ती थी। अब लोगों को उक्त मार्ग से गुजरने में काफी सहूलियत होगी। इधर मंगलवार को कांग्रेस यूथ स्टेट कॉर्डिनेटर विजय बहादुर सिंह, बेतला के पूर्व मुखिया संजय सिंह,उप मुखिया जयप्रकाश रजक, बेतला पंचायत के कांग्रेस महासचिव रणविजय सिंह,पार्टी के मो सईद,समशूल अंसारी,सलीम अंसारी,किशोर सिंह, सिद्धेश्वर पासवान आदि को अपनी मौजूदगी में ट्रैक्टर से पुल में मिट्टी का भरावट कराते देखा गया।

मालूम हो कि उक्त पुल के ध्वस्त होने से कुटमू-सरईडीह मार्ग पर आवागमन पिछले पांच माह से पूरी तरह ठप था और क्षेत्र के करीब 25 हजार की आबादी बुरी तरह प्रभावित थी। इस संबंध में हिन्दुस्तान अखबार ने गत 16 नवंबर को और उसके पूर्व भी खबर को कई बार प्रमुखता से प्रकाशित किया था। वहीं पुल की मरम्मती कार्य शुरू होने से आसपास के लोगों में हर्ष व्याप्त है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




