चपरी में प्रमुख व ग्रामीणों ने घटिया सड़क निर्माण को रोका
बरवाडीह के चपरी-मजुरमरी से कोयल नदी तट तक हो रहे घटिया सड़क निर्माण कार्य को प्रमुख सुशीला देवी और भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज प्रसाद ने ग्रामीणों के साथ मिलकर रोक दिया। अनियमितताओं की शिकायत मिलने पर कार्य स्थल पर पहुंचे और सड़क की गुणवत्ता की जांच की मांग की। जब तक सुधार नहीं होता, कार्य बंद रहेगा।

बरवाडीह, प्रतिनिधि। बरवाडीह के चपरी-मजुरमरी से कोयल नदी तट तक आरईओ विभाग से हो रहे घटिया सड़क निर्माण कार्य पर प्रमुख सुशीला देवी, सांसद प्रतिनिधि ईश्वरी सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज प्रसाद और ग्रामीणों ने शनिवार को रोक लगा दी है। प्रमुख सहित उन प्रतिनिधियों और ग्रामीणों को उक्त सड़क निर्माण की कालीकरण के कार्य मे भारी अनियमितता बरतने की शिकायत मिली थी। प्रमुख सहित सभी लोग कार्य स्थल पर पहुंचे और घटिया सड़क निर्माण कार्य को देखा। सड़क की कालीकरण कहीं एक इंच तो कहीं आधा इंच करते पाया गया । जबकि सड़क की कालीकरण दो इंच करनी है। प्रमुख सुशीला देवी और भाजपा मण्डल अध्यक्ष मनोज प्रसाद ने बताया कि पूर्व में जो सड़क पर मेटल बिछाया गया है, उसकी भी मोटाई कम है।
कार्यपालक अभियंता से कालीकरण में अनियमितता बरतने की शिकायत की गई और उनसे कार्य स्थल पर आकर जांच करने की मांग की गई। उन्होने बताया कि सड़क निर्माण में खुलेआम धांधली किया जा रहा है, लेकिन विभाग के लोग इस घटिया कार्य की तरफ से अपनी आंख बंद कर लिए हैं। जब तक कार्यपालक अभियंता द्वारा कार्य स्थल पर आकर सड़क निर्माण की गुणवत्ता की जांच नही की जाती है,और सड़क निर्माण में सुधार नही किया जाता है, तब तक सड़क निर्माण कार्य बन्द ही रहेगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




