ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड लातेहारएंटीनक्सल अभियान पर निकली पुलिस ने जंगल में शिकार करने गए युवकों पर चलाई गोली, एक की मौत

एंटीनक्सल अभियान पर निकली पुलिस ने जंगल में शिकार करने गए युवकों पर चलाई गोली, एक की मौत

एक की मौत ग्रामीणों ने काटा बवाल लातेहार संवाददाता। जिले के गारू प्रखंड के पिरी जंगल में अभियान में निकले जगुआर पुलिस और शिकार पर निकले युवको की...

एंटीनक्सल अभियान पर निकली पुलिस ने जंगल में शिकार करने गए युवकों पर चलाई गोली, एक की मौत
हिन्दुस्तान टीम,लातेहारSun, 13 Jun 2021 03:03 AM
ऐप पर पढ़ें

लातेहार। संवाददाता।

लातेहार जिले के गारू प्रखंड स्थित पिरी जंगल में नक्सल विरोधी अभियान पर निकले सुरक्षा बलों ने जंगली जानवरों का शिकार कर रहे युवकों की टोली पर नक्सली होने के भ्रम में गोली चला दी। इस घटना में गोली से ब्रह्मदेव सिंह नामक ग्रामीण युवक की मौत हो गई जबकि एक अन्य ग्रामीण हाथ में गोली लगने से घायल हो गया।

पुलिस अन्य चार ग्रामीणों को पकड़कर पूछताछ कर रही है। ग्रामीण युवकों के पास से सात देसी बंदूक भी बरामद की गई हैं। उधर, पुलिस पर निर्दोष ग्रामीण को मार डालने का आरोप लगाते हुए आसपास के गांव वाले घटनास्थल पर जमा हो गए और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीण इतने आक्रोशित थे कि उन्होंने कई बार मुठभेड़ स्थल पर पहुंचने का प्रयास किया। ग्रामीण मृतक के परिजनों को 10 लाख रुपए और आश्रित को सरकारी नौकरी देने की मांग पर अड़े हुए थे।

जानकारी के अनुसार शनिवार की सुबह लगभग 9:00 बजे अभियान पर निकली जगुआर पुलिस पिरी के जंगल से गुजर रही थी कि तभी 6-7 ग्रामीण युवक बंदूक लिए नजर आए। पुलिस के अनुसार युवकों ने सुरक्षाकर्मियों को देखा तो उन्होंने फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी फायरिंग की जिसमें एक ग्रामीण की मौत हो गई।

घटना के बाद आसपास के गांव वाले एकजुट हो गए और पुलिस के प्रति रोष व्यक्त करने लगे। घटना के संबंध में एसपी प्रशांत आनंद ने बताया कि सीआरपीएफ जगुआर की टीम अलग-अलग टुकड़ियों में अभियान पर निकली हुई थी। ग्रामीण युवक हथियार लेकर जंगल की ओर जा रहे थे। पुलिस ने उन्हें सरेंडर करने के लिए कहा मगर उन्होंने पुलिस पर गोली चला दी। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग कर दी जिससे एक युवक की मौत हो गई। एसपी ने कहा कि घटना की जांच की जा रही है। ग्रामीणों के साथ अन्याय नहीं होगा।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें