ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत, पुलिस जांच में जुटी
चंदवा के भंडारगढ़ा गांव के समीप रेलवे ट्रैक पर 35 वर्षीय युवक नारायण भोगता का शव मिला। स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को सूचित किया। मृतक की बाइक घटनास्थल के पास लावारिस पाई गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।

चंदवा, प्रतिनिधि। टोरी-शिवपुर रेलखंड पर पोल संख्या आरओआर 02/18 के समीप भंडारगढ़ा गांव के समीप रविवार सुबह एक युवक का शव रेलवे ट्रैक पर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय ग्रामीणों ने ट्रैक पर शव देखे जाने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही चंदवा थाना पुलिस तथा टोरी आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान भंडारगढ़ा गांव निवासी नारायण भोगता (35 वर्ष) पिता रामवृक्ष भोगता के रूप में की गई है। घटना की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में जुट गए। परिजनों को सूचना दी गई, जिसके बाद परिवार के लोग भी घटनास्थल पहुंच गए।
युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक की बाइक घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर परसाही रेलवे लाइन के किनारे लावारिस हालत में खड़ी मिली। उसकी मौत किसी मालगाड़ी की चपेट में आने से कैसे हुई यह जांच का विषय है। बताया जा रहा है कि मृतक का घर घटनास्थल से महज करीब 100 कदम की दूरी पर स्थित है। परिजनों के अनुसार नारायण भोगता मूल रूप से भंडारगढ़ा गांव का निवासी था, लेकिन वर्तमान में वह कुसुमटोली में रह रहा था। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। चंदवा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार भेज दिया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही घटना के सही कारणों का पता चल सकेगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


