चंदवा पहुंचे सांसद से मिले भू-विवाद के पीड़ित, डीसी व एसडीओ को फोन कर दिए जांच के निर्देश

Mar 09, 2026 02:26 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, लातेहार
share

चतरा लोकसभा क्षेत्र के सांसद कालीचरण सिंह ने चंदवा में भू-विवाद से जुड़े पीड़ित परिवारों की समस्याएं सुनीं। बोरसीदाग गांव में जमीन पर विवाद और कुसुमटोली में जबरन निर्माण की शिकायतें मिलीं। सांसद ने अधिकारियों को तुरंत जांच का निर्देश दिया और आश्वासन दिया कि अनियमितता पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।

चंदवा पहुंचे सांसद से मिले भू-विवाद के पीड़ित, डीसी व एसडीओ को फोन कर दिए जांच के निर्देश

लातेहारसंवाददाता। चतरा लोकसभा क्षेत्र के सांसद कालीचरण सिंह रविवार को अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत चंदवा पहुंचे। इस दौरान बोरसीदाग और कुसुमटोली गांव के भू-विवाद से जुड़े पीड़ित परिवारों ने उनसे मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं और संबंधित दस्तावेज भी सौंपे।पीड़ित पक्ष ने सांसद को बताया कि चंदवा प्रखंड के बोरसीदाग गांव में एनएच किनारे स्थित जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। उनका आरोप है कि प्रशासन के संज्ञान में मामला होने के बावजूद विवादित जमीन पर प्रीकास्ट पिलर लगाकर बाउंड्री निर्माण का कार्य किया जा रहा है। पीड़ितों ने कहा कि जांच प्रक्रिया लंबित रहने से दूसरे पक्ष को इसका लाभ मिल रहा है।

मामले में पीड़ित रामनाथ गुप्ता उर्फ राम बाबू ने सांसद को बताया कि संबंधित जमीन उनकी निजी जमीन है, लेकिन सर्वे त्रुटि के कारण रिकॉर्ड में दूसरे व्यक्ति का नाम चढ़ गया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1998 में इस जमीन को लेकर अनुमंडल कार्यालय में मामला चला था, जिसमें फैसला उनके पक्ष में आया था। इसके बावजूद कुछ लोग फर्जी तरीके से जमीन पर निर्माण करा रहे हैं।वहीं कुसुमटोली निवासी लखन लोहार ने भी सांसद के समक्ष अपनी समस्या रखी। उन्होंने बताया कि उन्हें भूदान में मिली जमीन पर दबंग व्यक्ति द्वारा जबरन निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मामला जनता दरबार और उपायुक्त के जनसेतु एप में भी उठाया गया है, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सांसद कालीचरण सिंह ने मौके पर ही उपायुक्त और अनुमंडल पदाधिकारी को फोन कर पूरे मामले की जानकारी दी और निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि यदि जमीन को लेकर विवाद है तो उसकी जल्द जांच कर स्थिति स्पष्ट की जाए। सांसद ने पीड़ितों से कहा कि सभी दस्तावेज तैयार रखें। उन्होंने आश्वस्त किया कि जरूरत पड़ने पर वे मामले को उच्च स्तर पर भी उठाएंगे। सांसद ने कहा कि भूदान की जमीन की लूट किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और यदि कहीं अनियमितता पाई जाती है तो दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।