
मनिका में वज्रपात से युवक की मौत, महुआडांड़ में महिला घायल
रविवार की देर शाम मनिका प्रखंड के डोंकी गांव में वज्रपात से 48 वर्षीय चंद्रदेव उरांव की मौत हो गई। वह महुआ के पेड़ के नीचे छिपा हुआ था। महुआडांड़ के कुरूद गांव में मन्नती कुजूर (45) वज्रपात से घायल हो...
मनिका, महुआडांड़, प्रतिनिधि। जिले के दो प्रखंडों से रविवार की देर शाम वज्रपात की घटनाएं सामने आई। पहले मनिका प्रखंड अंतर्गत डोंकी गांव के टोला झबरी में रविवार की शाम को वज्रपात की चपेट में आने से एक चंद्रदेव उरांव, उम्र 48 वर्ष की मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बारिश होने के दौरान बचने के ख्याल से चंद्रदेव उरांव अपने घर के समीप महुआ के पेड़ के नीचे छुपे हुए थे। तभी अचानक आसमान में गरज व चमक के साथ वज्रपात हुआ और वह उसकी चपेट में आ गया। जिससे घटना स्थल पर ही चंद्रदेव उरांव की मौत हो गई।

परिजनों ने बताया कि घटना इतनी तेज थी कि पास खड़े अन्य लोग भी दहशत में आ गए। मृतक अपने परिवार का मुख्य सहारा था। इस हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रावधान के तहत आपदा राहत मुआवजा देने की मांग की है। उधर महुआडांड़ के चम्पा पंचायत के ग्राम कुरूद निवासी मन्नती कुजूर (45) वज्रपात से घायल हो गई। उसके परिजनों ने बताया कि घर के अंदर किचन रुम में बैठी थी। उसी दौरान अचानक बारिश और गर्जन हुआ। उसी दौरान वज्रपात के चपेट में आने से महिला बेहोश हो गई। परिजनों ने आनन फानन में ऑटो से महिला को महुआडांड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां प्रभारी चिकित्सक अमित खलको के द्वारा प्राथमिक इलाज किया जा रहा है। मौके पर चम्पा मुखिया सुषमा कुजूर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची और पीड़ित परिवार से मिली।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




