मतगणना की तैयारी पूरी, दो राउंड में खुलेगा 15 वार्डों का फैसला
लातेहार नगर पंचायत चुनाव की मतगणना के लिए प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। 27 फरवरी को मतगणना शुरू होगी, जिसमें 22 बूथों के मतों की गिनती होगी। सुरक्षा के लिए त्रिस्तरीय व्यवस्था लागू की गई है। सभी की नजरें परिणाम पर हैं, जो 15 वार्डों के 56 प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेगी।

लातेहार, संवाददाता । लातेहार नगर पंचायत चुनाव की मतगणना को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। 27 फरवरी को पूर्वाह्न 08:00 बजे से राजकीय पॉलिटेक्निक, लातेहार परिसर में मतगणना कार्य प्रारंभ होगा। निर्धारित समय पर पारदर्शी और निष्पक्ष प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए मतगणना स्थल को पूरी तरह सुरक्षा घेरे में रखा गया है। नगर पंचायत क्षेत्र के कुल 22 बूथों के मतों की गिनती दो राउंड में की जाएगी। पहले राउंड में अधिकांश बूथों की गणना होगी, जबकि दूसरे राउंड में शेष बूथों की मतगणना पूरी कर अंतिम परिणाम घोषित किया जाएगा। नगर पंचायत के 15 वार्डों के पार्षद प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला इसी दिन होगा।
मतगणना कक्ष में निर्धारित टेबल लगाए गए हैं तथा रिजर्व सहित पर्याप्त संख्या में मतगणना कर्मियों और अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। सुरक्षा के मद्देनजर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ प्रवेश व्यवस्था को भी सख्त बनाया गया है। केवल अधिकृत पासधारकों प्रत्याशियों और उनके निर्वाचन अभिकर्ताओं को ही अंदर जाने की अनुमति होगी। बज्रगृह की सुरक्षा के लिए चौबीसों घंटे सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था की गई है। अभ्यर्थियों एवं उनके प्रतिनिधियों के लिए सीसीटीवी फुटेज देखने हेतु अलग कक्ष भी बनाया गया है, ताकि पारदर्शिता बनी रहे। वाहनों की सुचारू आवाजाही के लिए आसपास चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं। इधर, परिणाम का दिन नजदीक आते ही प्रत्याशियों और समर्थकों की धड़कनें तेज हो गई हैं। मतदान के बाद अपने-अपने पक्ष में लगाए जा रहे कयास अब थम चुके हैं। अब सभी की नजर मतगणना पर टिकी है, जो यह तय करेगी कि किसके दावे सच साबित होते हैं और किसकी रणनीति अधूरी रह जाती है। प्रशासन ने सभी संबंधित पक्षों से शांतिपूर्ण सहयोग की अपील की है। 56 प्रत्याशियो लड़ा हैं चुनाव: शहर के सभी 15 वार्ड में 56 प्रत्याशियो चुनाव लड़ा है। वार्ड नंबर 1 से 6, वार्ड नंबर 2 से 4, वार्ड नंबर 3 से 3, वार्ड नंबर 4 से 10, वार्ड नंबर 5 से 3, वार्ड नंबर 6 से 3, वार्ड नंबर 7 से 4, वार्ड नंबर 8 से 4, वार्ड नंबर 9 से 3, वार्ड नंबर 10 से 4, वार्ड नंबर 11 से 2, वार्ड नंबर 12 से 3, वार्ड नंबर 13 से 4, वार्ड नंबर 14 से 2 तथा वार्ड नंबर 15 से 4 प्रत्याशी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



