जमीन विवाद में बवाल, भू-माफियाओं के हस्तक्षेप से बढ़ी हिंसक स्थिति
चंदवा के अलौदिया गांव में पुश्तैनी जमीन को लेकर गोतिया विवाद उग्र हो गया। दो पक्षों के बीच झड़प हुई, जिससे अफरातफरी मच गई। स्थानीय पुलिस और लोगों की मदद से स्थिति को नियंत्रित किया गया, लेकिन इलाके में तनाव बना हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि बाहरी भू-माफियाओं ने विवाद को बढ़ावा दिया।

चंदवा/लातेहार, प्रतिनिधि। क्षेत्र के अलौदिया गांव में पुश्तैनी जमीन को लेकर चल रहा गोतिया विवाद अब उग्र रूप लेता जा रहा है। जमीन पर हक जताने पहुंचे दो पक्षों के बीच झड़प, मारपीट और तीखी नोकझोंक की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिससे कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव व्याप्त है तथा किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को लेकर ग्रामीणों में दहशत का माहौल देखा जा रहा है। बताया जाता है कि विवादित भूमि पर कब्जा व निर्माण को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए थे। मौके पर उपस्थित चंदवा पुलिस और स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद मामला किसी तरह शांत हुआ, परंतु तनाव अब भी बना हुआ है।
ग्रामीणों का आरोप है कि मूल रूप से पारिवारिक जमीन विवाद को बाहरी भू-माफियाओं ने सुनियोजित तरीके से हवा दी, जिसके कारण आपसी गोतिया मामला हिंसक टकराव में बदलता चला गया। मामले में दूसरे पक्ष की ओर से भी थाना में आवेदन दिया गया है। आवेदक रामदयाल लोहार ने आरोप लगाया है कि बालकेश्वर लोहार, कइला लोहार, महेश लोहार, विजय लोहार,रुपेश उरांव, अशोक लोहार, रंजना देवी, सुशीला देवी समेत कुल 16 लोगों ने उनके साथ मारपीट की तथा नगद पैसा छीन लिया। दोनों पक्षों के आवेदन के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी बताई जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


