खरवार समाज की एकता व पहचान पर मंथन, चंदवा में संयुक्त बैठक संपन्न
इंदिरा चौक के समीप होटल आर्या में खरवार आदिवासी एकता मंच की बैठक हुई। अध्यक्षता दर्शन गंझू ने की, जिसमें समाज के इतिहास, जातीय जनगणना और सामाजिक एकता पर चर्चा हुई। वक्ताओं ने खरवार समाज की एकता पर जोर दिया और आगामी जनगणना में पहचान दर्ज कराने की अपील की। कार्यक्रम में सैकड़ों लोग शामिल हुए।

चंदवा प्रतिनिधि। इंदिरा चौक के समीप होटल आर्या परिसर में रविवार को खरवार आदिवासी एकता मंच, अखिल झारखंड खरवार आदिवासी विकास परिषद एवं खरवार भोगता समाज विकास समिति की संयुक्त बैठक सह गोष्ठी आयोजित की गई। अध्यक्षता दर्शन गंझू, संचालन प्रदीप सिंह तथा नेतृत्व जिलाध्यक्ष प्रेम गंझू ने किया। शुरुआत वीर शहीद नीलांबर-पीताम्बर के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। बैठक में समाज के गौरवशाली इतिहास, पहचान, आगामी जातीय जनगणना में भूमिका, पेशा नियमावली तथा सामाजिक एकता को मजबूत करने पर विस्तार से चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि खरवार समाज विभिन्न क्षेत्रों में अलग-अलग नामों से जाना जाता है, जिससे एकरूपता प्रभावित होती है।
ऐसे में समाज की आठों उपजातियों के बीच समन्वय बढ़ाना समय की आवश्यकता है। वक्ताओं ने बताया कि झारखंड की 33 जनजातियों में खरवार समाज जनसंख्या के आधार पर चौथे स्थान पर है, इसलिए संगठित होकर अधिकारों के प्रति जागरूक होना जरूरी है। साथ ही आगामी जनगणना में जातीय कॉलम में खरवार दर्ज कराने की अपील की गई। गोष्ठी में जानकी सिंह, केदार सिंह, राजदेव सिंह, गजाननंद सिंह, कुलदीप सिंह समेत कई वक्ताओं ने एकजुटता को विकास की कुंजी बताते हुए समाज को संगठित रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जिले समेत विभिन्न जिलों से सैकड़ों की संख्या में समाज के लोग शामिल हुए।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


