
खाद्यान्न की सुरक्षित भंडारण, समय पर उठाव एवं वितरण श्रृंखला को पारदर्शी रखे :अवर सचिव
संक्षेप: झारखंड खाद्य सार्वजनिक वितरण विभाग के अवर सचिव लालो कुशवाहा ने चंदवा प्रखंड के बोदा पंचायत में जनवितरण प्रणाली की दुकानों और खाद्यान्न गोदाम का निरीक्षण किया। उन्होंने खाद्यान्न की सुरक्षित भंडारण और वितरण की व्यवस्था पर ध्यान देने की सलाह दी। लाभुकों को समय पर और सही मात्रा में अनाज मिलने का सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
चंदवा प्रतिनिधि। झारखंड खाद्य सार्वजनिक वितरण विभाग के अवर सचिव लालो कुशवाहा ने शनिवार को चंदवा प्रखंड अंतर्गत बोदा पंचायत स्थित जनवितरण प्रणाली दुकानदार लालू प्रसाद की दुकान का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलापूर्ति पदाधिकारी श्रवण कुमार भी मौजूद थे। इससे पूर्व अवर सचिव ने चंदवा प्रखंड स्थित खाद्यान्न गोदाम का निरीक्षण किया। गोदाम में खाद्यान्न भंडारण व्यवस्था, उठाव, परिवहन रजिस्टर एवं गुणवत्ता संबंधी मानकों की बारीकी से जांच की गई। उन्होंने गोदाम प्रबंधक को निर्देश दिया कि गोदाम में रखे खाद्यान्न की सुरक्षित भंडारण, समय पर उठाव एवं वितरण श्रृंखला को पारदर्शी और सुचारू बनाए रखें। किसी भी स्थिति में अनाज की क्षति या अनियमितता न हो, इसका विशेष ध्यान रखने को कहा गया।

इसके बाद अवर सचिव निरीक्षण दल के साथ बोदा पंचायत के जनवितरण दुकान पहुंचे। यहां उन्होंने स्टॉक रजिस्टर, वितरण रजिस्टर, पोस मशीन, लाभुकों की सूची व दुकान पर प्रदर्शित सूचना पट्ट की जांच की। लाभुकों को निर्धारित मात्रा और सही वजन में अनाज मिलने की स्थिति की जानकारी भी ली। निरीक्षण के दौरान उपस्थित लाभुकों ने नियमित वितरण की जानकारी दी। अवर सचिव ने दुकानदार को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनवितरण व्यवस्था गरीब और जरूरतमंद परिवारों की जीवनरेखा है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी योग्य लाभुकों को समय पर व सही मात्रा में खाद्यान का वितरण करे। डीएसओ श्रवण कुमार ने भी दुकानदार सहित संबंधित कर्मचारियों को लाभुकों के प्रति सहानुभूतिपूर्ण एवं जिम्मेदार व्यवहार रखने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि जनवितरण प्रणाली की निगरानी आगे भी समय-समय पर की जाती रहेगी। निरीक्षण के दौरान प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी चंदन कुमार, गोदाम प्रबंधक पवन कुमार, ऑपरेटर संजय कुमार समेत विभागीय अधिकारी एवं स्थानीय ग्रामीण मौजूद थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




