निचली अदालत के अधिवक्ता न्याय की बुनियाद : मुख्य न्यायाधीश
झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश महेश शरदचंद्र सोनाक ने लातेहार दौरे के दौरान अधिवक्ताओं से कहा कि निचली अदालतों में कार्यरत अधिवक्ता न्याय व्यवस्था की बुनियाद हैं। उन्होंने अधिवक्ताओं की जिम्मेदारी की अहमियत पर जोर दिया और न्यायिक प्रक्रिया को सुधारने की आवश्यकता बताई। अधिवक्ताओं ने कई बुनियादी मांगें भी रखीं।

लातेहार, संवाददाता। महेश शरदचंद्र सोनाक, मुख्य न्यायाधीश, झारखंड उच्च न्यायालय ने कहा कि निचली अदालतों में कार्यरत अधिवक्ता न्याय व्यवस्था की बुनियाद होते हैं। उन्होंने कहा कि निचली अदालतों से जो फाइलें उच्च न्यायालय तक पहुंचती हैं, उन्हीं के आधार पर सुनवाई होती है, इसलिए अधिवक्ताओं की जिम्मेदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है और उन्हें कानून की बारीकियों की गहरी समझ होनी चाहिए। मुख्य न्यायाधीश शनिवार को लातेहार दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने अधिवक्ता संघ भवन में अधिवक्ताओं को संबोधित किया, जहां अध्यक्ष लाल अरविंद नाथ शाहदेव और सचिव संजय कुमार ने उनका स्वागत किया। प्रतिनिधियों ने न्यायिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने से जुड़ी कई बुनियादी जरूरतों की जानकारी देते हुए सुधार की मांग रखी।
मुख्य न्यायाधीश के आगमन से व्यवहार न्यायालय परिसर में पूरे दिन उत्सुकता और हलचल का माहौल रहा। उन्होंने कोर्ट कक्ष, रिकॉर्ड रूम सहित विभिन्न शाखाओं का बारीकी से निरीक्षण किया तथा लंबित मामलों की समीक्षा की। साथ ही न्यायिक प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सुगम बनाने पर जोर देते हुए आधारभूत संरचना मजबूत करने की आवश्यकता बताई। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष लाल अरविंद नाथ शाहदेव के नेतृत्व में अधिवक्ताओं के प्रतिनिधिमंडल ने मुंसिफ कोर्ट की स्थापना, बार भवन निर्माण, डिपॉजिशन राइटर की नियुक्ति सहित कई मांगें रखीं। अधिवक्ताओं ने कहा कि संसाधनों की कमी के कारण न्यायिक कार्य प्रभावित होता है और वादकारियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। अध्यक्ष श्री शाहदेव ने कहा कि मुख्य न्यायाधीश का लातेहार आगमन हम सभी के लिए गौरव की बात है और वर्षों से लंबित समस्याओं के समाधान की उम्मीद जगी है। मुख्य न्यायाधीश ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। वरीय अधिवक्ता सुनील कुमार ने कहा कि मुख्य न्यायाधीश द्वारा निचली अदालत के अधिवक्ताओं को न्याय की बुनियाद बताना सम्मान की बात है। इससे अधिवक्ताओं का दायित्व और बढ़ जाता है कि वे ईमानदारी व कर्तव्यनिष्ठा से अपने मुवक्किलों के लिए कार्य करें। इस अवसर पर संजय कुमार, विक्रांत सिंह, बनवारी प्रसाद, रमन महतो सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता एवं न्यायिक कर्मी उपस्थित रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


