Latehar News: सरना-मसना स्थलों की योजनाओं में अनियमितता का आरोप, जांच की मांग
Latehar News: लातेहार में आदिवासियों के धार्मिक स्थलों के संरक्षण और विकास के लिए स्वीकृत योजनाओं में अनियमितताएं सामने आई हैं। जिला परिषद सदस्य विनोद उरांव ने जांच की मांग की है। आरोप हैं कि बिना कार्य कराए राशि निकाली गई और कागजों पर ग्रामसभा की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

Latehar News: लातेहार,संवाददाता। जिला कल्याण विभाग द्वारा आदिवासियों के धर्मस्थल सरना, मसना, जाहिर स्थल एवं हड़गड़ी स्थल के संरक्षण व विकास के लिए स्वीकृत योजनाओं में अनियमितता बरते जाने का आरोप लगाया गया है। इस संबंध में जिला परिषद सदस्य विनोद उरांव ने पूर्व मंत्री सह कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की को ज्ञापन सौंपकर योजनाओं की जांच कराने की मांग की है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि कल्याण विभाग की ओर से विभिन्न योजनाओं को स्वीकृति देने के बाद कई स्थानों पर धरातल पर कार्य कराए बिना ही राशि की निकासी कर ली गई है। वहीं एक ही राजस्व ग्राम में एक ही सरना स्थल होने के बावजूद विभागीय मिलीभगत से अलग-अलग योजनाओं के नाम पर दो-तीन बार राशि की निकासी किए जाने की शिकायत की गई है। कुछ स्थानों पर गैरमजरुआ भूमि पर दो-चार पेड़ होने के बावजूद उसे सरना स्थल बताकर निर्माण कार्य कराने का भी आरोप लगाया गया है。
अनियमितताओं की प्रकृति
शिकायतकर्ता ने कहा कि सरकार के मार्गदर्शन में आदिवासियों के धार्मिक स्थलों के संरक्षण के लिए योजनाएं संचालित हैं, लेकिन कई योजनाओं की गुणवत्ता में गंभीर अनियमितता बरती जा रही है। योजना स्वीकृति के बाद ग्रामसभा भी कथित रूप से कागजों पर कराए जाने का आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों के अनुसार, ग्रामसभा में योजना की जानकारी दिए बिना मुखिया, पंचायत सचिव समेत अन्य लोगों के हस्ताक्षर कराकर राशि की निकासी की जा रही है। जिप सदस्य ने बालूमाथ प्रखंड के शेरेगढ़ा और बालू गांव में कराई गई योजनाओं में भी अनियमितता की जांच की मांग की है। मौके पर सेल्सटीन कुजूर मौजूद थे।


