Latehar News: डोंगरी टोला में बारिश में मिट्टी का घर गिरा
Latehar News: बालूमाथ के रजवार गांव में लगातार हो रही बारिश से मिट्टी के मकानों की स्थिति गंभीर हो गई है। बारिश के दौरान एक घर गिर गया, जिससे परिवारों को रहने की समस्या उत्पन्न हो गई है। स्थानीय निवासी सरकारी आवास योजना का लाभ नहीं मिलने से परेशान हैं और प्रशासन से राहत की मांग कर रहे हैं।

Latehar News: बालूमाथ,प्रतिनिधि। प्रखंड के रजवार गांव स्थित डोंगरी टोला में लगातार हो रही बारिश से मिट्टी के मकानों की स्थिति बदहाल हो गई है। बारिश के दौरान एक मिट्टी का घर अचानक भरभराकर गिर गया। इससे परिवार के सामने रहने की समस्या उत्पन्न हो गई है।स्थानीय निवासी सुधा कुमारी ने बताई कि लगातार बारिश के कारण घर की दीवारों में पानी का रिसाव हो रहा था। मिट्टी कमजोर होने के बाद अचानक घर ढह गया। वहीं रमेश उरांव और राम सुरेश उरांव के घर भी बारिश के कारण क्षतिग्रस्त होने की बात सामने आई है। ग्रामीणों ने बताया कि लगातार बारिश के कारण कई मिट्टी के मकानों की स्थिति काफी खराब हो गई है।
मुन्नी देवी ने बताया कि अबतक उन्हें सरकारी आवास योजना का लाभ नहीं मिला है। मजबूरी में मिट्टी के घर में रहना पड़ रहा है, लेकिन बारिश के दौरान घर गिरने का डर बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त मकानों का तत्काल जायजा लेकर पीड़ित परिवारों को राहत उपलब्ध कराने तथा पात्र परिवारों को सरकारी आवास योजना का लाभ देने की मांग की है।


