मंदिर स्थापना की 8 वीं साल गिरह पर पोखरीखूर्द में दोगोला-मुकाबला आयोजित
बेतला पंचायत के पोखरीखूर्द ग्राम में हनुमान जयंती और मंदिर स्थापना की 8वीं सालगिरह पर एक भव्य दोगोला मुकाबला आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रमुख अतिथियों द्वारा किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रसिद्ध व्यासों ने देशभक्ति और सामाजिक गीत प्रस्तुत किए। इस अवसर पर सभी उपस्थित लोगों ने कार्यक्रम की सराहना की।

बेतला प्रतिनिधि । हनुमान जयंती सह मंदिर स्थापना की 8 वीं साल गिरह पर सनातनियों द्वारा बीती शाम बेतला पंचायत के पोखरीखूर्द ग्राम में दोगोला मुकाबला का भव्य आयोजन किया गया।उद्घाटन ग्राम प्रधान बीरेंद्र सिंह,बेतला के पूर्व मुखिया संजय सिंह, केचकी मुखिया बुद्धेश्वर सिंह,सांसद प्रतिनिधि ईश्वरी सिंह और महिला समाजसेवी रुपाली देबी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।मौके पर अतिथियों ने कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम से न सिर्फ लोगों का मनोरंजन होता है,बल्कि सामाजिक समरसता प्रगाढ़ होता है। बाद में पलामू प्रमंडल के प्रसिद्ध व्यास नागेंद्र सिंह और लोरिक यादव तथा उनकी कलाकार टीम ने एक से बढ़कर एक देश भक्ति,सामाजिक और चैता गीत-संगीत प्रस्तुत कर मौजूद दर्शक-श्रोताओं का पूरी रात भरपूर मनोरंजन किया।इस
दौरान व्यास लोरिक यादव के गाए सुमिरन काली मैया होव न सहईया ए रामा तथा नागेंद्र सिंह के चैता गीत ए रामा अंजनी ललनवां,बड़ा हई बलवनवां की मौजूद श्रोताओं ने जमकर सराहना की। इसके पूर्व मंचासीन अतिथियों का समिति ने माल्यार्पण कर तथा अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। वहीं शुक्रवार की सुबह में दोनों पक्ष के व्यासों और उनकी कलाकार टीम को बराबरी का पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। संचालन और धन्यवाद ज्ञापन समिति के बिनोद यादव ने किया। इस दौरान बरवाडीह के सीओ लवकेश सिंह,एसडीपीओ भरत राम,थाना प्रभारी अनुराग कुमार,संरक्षक जवाहर यादव,अर्जुन यादव,रामजी महतो,सखीचंद प्रसाद,कमलेश यादव, भोला यादव आदि मौजूद थे।मालूम हो कि पोखरीखूर्द गांव में हनुमान मंदिर की स्थापना वर्ष 2018 ई में की गई थी। तभी से उस गांव के सनातनी परिवार हरेक वर्ष चैत्र पूर्णिमा को मंदिर की स्थापना दिवस और हनुमान जयंती साथ-साथ मनाते हैं और रात्रि में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है।फोटो -11- पोखरीखूर्द में दोगोला का उद्घाटन करते मंचासीन अतिथिगण
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


