
शिव मंदिर में 24 घंटे का अखंड कीर्तन
माघ पूर्णिमा के अवसर पर झरिया डैम शिव मंदिर में 24 घंटे का अखंड कीर्तन आयोजित किया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की महिमा के भजन गाए और प्रसाद का वितरण किया गया। इस आयोजन ने समाज में भाईचारे और आध्यात्मिक शांति को बढ़ावा दिया। स्थानीय श्रद्धालुओं ने इसका स्वागत किया।
लातेहार,प्रतिनिधि। माघ पूर्णिमा के अवसर पर शहर के किनामाड़ स्थित झरिया डैम शिव मंदिर परिसर में 24 घंटे के अखंड कीर्तन का भव्य आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन को लेकर क्षेत्र में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। अखंड कीर्तन के दौरान भगवान शिव की महिमा से जुड़े भजन-कीर्तन गाए गए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने ढोलक, झाल और मंजीरे की धुन पर भजन का आनंद लिया और भगवान शिव की आराधना की। कीर्तन के समापन के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद एवं खीर का वितरण किया गया। प्रसाद ग्रहण करने के लिए बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
श्रद्धालुओं ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक कार्यक्रम समाज में आपसी भाईचारे और आध्यात्मिक शांति को बढ़ावा देते हैं। इस अवसर पर रामसकल यादव, श्यामा देवी, मनीष कुमार, इंदु देवी, सरोज देवी, मंजू सिंह, फूलमानी देवी, ओम प्रकाश यादव, विपिन कुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु मौजूद रहे। आयोजकों ने बताया कि माघ पूर्णिमा के अवसर पर अखंड कीर्तन का आयोजन वर्षों से किया जा रहा है और इसका उद्देश्य क्षेत्र में धार्मिक चेतना को मजबूत करना है। श्रद्धालुओं ने माघ पूर्णिमा के इस पावन अवसर पर पूजा-अर्चना कर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




