लातेहार में घरेलू गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी की व्यवस्था ठप

Newswrap हिन्दुस्तान, लातेहार
share

लातेहार में रसोई गैस की कमी के कारण उपभोक्ताओं में हाहाकार मचा हुआ है। गैस वितरक एजेंसियों की लापरवाही के चलते उपभोक्ता गोदाम जाकर गैस लेने को मजबूर हैं, जिससे उन्हें अतिरिक्त राशि भी चुकानी पड़ रही है। उपभोक्ता प्रशासन से उचित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं ताकि होम डिलीवरी की व्यवस्था सुचारू हो सके।

लातेहार में घरेलू गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी की व्यवस्था ठप

लातेहार, प्रतिनिधि। जिले में इन दिनों रसोई गैस की किल्लत को लेकर उपभोक्ताओं के बीच मारामारी की स्थिति बनी हुई है। गैस वितरक एजेंसियों के नियमों के अनुसार गोदाम से सीधे गैस वितरण नहीं किया जाना चाहिए, इसके बावजूद जानकारी के अभाव और समय पर होम डिलीवरी नहीं होने के कारण उपभोक्ता मजबूरन गोदाम पहुंच रहे हैं। जानकारी के अनुसार एजेंसियों का दावा है कि कमर्शियल गैस को छोड़कर घरेलू गैस की कोई कमी नहीं है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे अलग नजर आ रही है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि एजेंसियां जानबूझकर होम डिलीवरी में लापरवाही बरत रही हैं, जिसके कारण उन्हें स्वयं गोदाम जाकर गैस लेना पड़ रहा है।

नियमों के तहत यदि उपभोक्ता गोदाम से गैस लेते हैं तो उन्हें 33 रुपये 43 पैसे की अतिरिक्त छूट देने का प्रावधान है, लेकिन यह सुविधा केवल कागजों तक ही सीमित रह गई है। उल्टा कई एजेंसियों द्वारा उपभोक्ताओं से 10 से 20 रुपये तक अतिरिक्त वसूली किए जाने की शिकायत सामने आ रही है, जबकि घरेलू गैस सिलेंडर की निर्धारित कीमत 970 रुपये 50 पैसे है। गुरुवार को गैस लेने पहुंचे कई उपभोक्ताओं ने बताया कि समय पर होम डिलीवरी नहीं होने के कारण वे गोदाम जाने को विवश हैं। वहां भी उन्हें न केवल परेशानी झेलनी पड़ती है, बल्कि अतिरिक्त राशि भी देनी पड़ रही है । इधर गैस एजेंसियों का कहना है कि होम डिलीवरी की व्यवस्था सुचारू रूप से जारी है और किसी प्रकार की किल्लत नहीं है। इस पूरे मामले में उपभोक्ताओं ने जिला प्रशासन से जांच कर उचित कार्रवाई करने तथा नियमों के अनुसार गैस की होम डिलीवरी सुनिश्चित कराने की मांग की है, ताकि आम लोगों को अनावश्यक परेशानी और आर्थिक शोषण से राहत मिल सके।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।