जिला स्तरीय वनाधिकार समिति की बैठक सम्पन्न हुई संपन्न
लातेहार में डीसी उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में वन अधिकार समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में 1395.31 एकड़ वन भूमि और गैर-मजरूआ भूमि के अपयोजन हेतु प्रमाण-पत्र निर्गत करने की स्वीकृति दी गई। इसके अलावा, ट्रांसमिशन लाइनों से जुड़ी भूमि के लिए भी स्वीकृति प्रदान की गई।

लातेहार,संवाददाता। डीसी उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में अनुसूचित जन जाति एवं अन्य परम्परागत वन निवासी अधिनियम 2006 तथा नियम 2008 एवं संशोधित नियम 2012 के तहत जिला स्तरीय वन अधिकार समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में परियोजना निदेशक, आईटीडीए द्वारा जानकारी देते हुए बताया गया कि अनुमंडल स्तरीय वनाधिकार समिति, लातेहार से कोयला खनन कार्य हेतु तेनुघाट विद्युत निगम लिमिटेड के रजबार ई. एंड डी. कोल ब्लॉक अंतर्गत अधिसूचित वन भूमि एवं गैर मजरूआ खास जंगल-झाड़ी भूमि के अपयोजन के संबंध में वन अधिकार अधिनियम, 2006 के तहत प्रमाण-पत्र निर्गत करने हेतु प्रस्ताव अनुशंसा प्राप्त हुआ है। प्राप्त प्रस्ताव के अनुसार अंचल चंदवा अंतर्गत मौजा सेरक एवं मौजा डडेया में पड़ने वाली अधिसूचित वन भूमि के अपयोजन का मामला समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
अनुमंडल स्तरीय वनाधिकार समिति से भूमि अपयोजन हेतु प्राप्त प्रस्ताव की समिति के सदस्यों द्वारा विस्तार से समीक्षा की गई। समीक्षोपरांत समिति द्वारा सर्वसम्मति से रजबार ई. एंड डी. कोल ब्लॉक अंतर्गत कुल 1395.31 एकड़ (564.90 हे०) अधिसूचित वन भूमि एवं गैर मजरूआ खास जंगल-झाड़ी भूमि के अपयोजन हेतु वन अधिकार अधिनियम के तहत प्रमाण-पत्र निर्गत करने की स्वीकृति प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त 132 केवी डीसी चंदवा-लातेहार ट्रांसमिशन लाइन में पड़ने वाली अंचल लातेहार की 11.3271 हे० एवं अंचल चंदवा की 11.5466 हे०, कुल 22.8737 हे० गैर-मजरूआ, जंगल-झाड़ी एवं वन भूमि के अपयोजन हेतु भी स्वीकृति दी गई।साथ ही 132 केवी डीसी चैनपुर-महुआडांड़ ट्रांसमिशन लाइन में पड़ने वाली जंगल-झाड़ी अनाबाद सर्वसाधारण भूमि के संबंध में झारखण्ड ऊर्जा संचरण निगम लिमिटेड के उप महाप्रबंधक, संचरण अंचल गुमला द्वारा किए गए अनुरोध के आधार पर नए प्रपत्र में एफआरए प्रमाण-पत्र निर्गत करने की स्वीकृति भी समिति द्वारा प्रदान की गई। डीसी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि वन अधिकार अधिनियम के प्रावधानों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करते हुए सभी प्रक्रियाएँ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण की जाएँ। इस अवसर पर कई पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित लोग उपस्थित थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


