
अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को रौंदा, मौत
संक्षेप: चंदवा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहन के टक्कर से 42 वर्षीय युवक झरी उरांव की मौत हो गई। घटना हिसरी पेट्रोल पंप के पास हुई जब वह पेट्रोल डलवाने के बाद बाहर निकला। गंभीर चोटों के कारण अस्पताल में उसकी...
चंदवा, प्रतिनिधि। चंदवा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को रांची-चतरा मुख्य मार्ग पर स्थित हिसरी पेट्रोल पंप के समीप हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान झरी उरांव (42) (पिता स्व. बालकू उरांव, निवासी भुसाढ़, चंदवा) के रूप में हुई है। घटना के संबंध में बताया गया कि झरी उरांव अपनी बाइक में पेट्रोल डलवाने हिसरी पेट्रोल पंप पहुंचा था। पेट्रोल लेने के बाद जैसे ही वह बाइक से पंप से बाहर निकला, उसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि झरी उरांव बाइक सहित सड़क पर जा गिरा और बुरी तरह लहूलुहान हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चंदवा पहुंचाया, जहां मौजूद चिकित्सक डॉ. तरुण जोश लकड़ा ने प्राथमिक उपचार किया। लेकिन गंभीर चोट लगने के कारण इलाज के दौरान ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि दुर्घटना के बाद सड़क पर काफी मात्रा में खून बिखरा पड़ा था। सूचना पाकर चंदवा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब वाहन और चालक की तलाश में जुटी हुई है। बताते चलें कि चंदवा थाना क्षेत्र में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को भी हिसरी गांव के समीप सड़क किनारे खड़े युवक विशाल लोहरा को पिक अप वैन ने रोंद डाला था ,जिसके बाद उसकी मौत हो गई थी। बीते दो दिनों में सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत से चंदवा वासी सहमे हुए हैं। स्थानीय लोगों ने कहा कि क्षेत्र में आए दिन तेज रफ्तार वाहन जानलेवा साबित हो रहे हैं। रांची-चतरा व रांची मेदिनीनगर मुख्य मार्ग पर वाहनों की गति इतनी तेज रहती है कि कभी भी दुर्घटना हो सकती है। लोगों ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि इस मार्ग पर गति नियंत्रण के उपाय किए जाएं और स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके। वहीं प्रशासन ने भी लोगो से अपील की है कि बाइक चलाते समय हेलमेट पहने तथा वाहन की गति नियंत्रण में हो। ग्रामीणों ने मृतक झरी उरांव के परिवार के प्रति संवेदना जताई और प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसरा है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




