कोर्ट के निर्देश पर प्रेमी युगल का हिंदू रीति-रिवाज से विवाह संपन्न 9 वर्षों से चल रहा था प्रेम प्रसंग

Newswrap हिन्दुस्तान, लातेहार
share

लातेहार में एक प्रेमी युगल का विवाह पुलिस सुरक्षा के बीच किया गया। रामपाल गंझू और सीमा कुमारी के बीच पिछले 9 वर्षों से प्रेम संबंध था। युवती के विवाह के लिए दबाव डालने पर लड़के के परिजनों ने इनकार किया, जिसके बाद मामला न्यायालय में गया। न्यायालय ने विवाह का आदेश दिया और विवाह विधिपूर्वक संपन्न हुआ।

कोर्ट के निर्देश पर प्रेमी युगल का हिंदू रीति-रिवाज से विवाह संपन्न 9 वर्षों से चल रहा था प्रेम प्रसंग

लातेहार, प्रतिनिधि। न्यायालय के निर्देश पर एक प्रेमी युगल का विवाह गुरुवार को पुलिस सुरक्षा के बीच श्री देवी मंडप अम्बाकोठी में हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार संपन्न कराया गया। जानकारी के अनुसार तुपीटोला महुआमिलन निवासी रामपाल गंझू पिता विशेश्वर गंझू और ग्राम भूषाड़ कामता निवासी सीमा कुमारी पिता बीरबल लोहरा के बीच पिछले करीब 9 वर्षों से प्रेम संबंध था। इस दौरान दोनों के संबंध से 2024 एक पुत्र का जन्म भी हुआ। लंबे समय से चल रहे इस रिश्ते को वैवाहिक रूप देने के लिए जब युवती द्वारा दबाव बनाया गया, तो लड़के पक्ष के परिजनों ने विवाह से इनकार कर दिया।

इसके बाद सीमा कुमारी ने 10 मार्च 2026 को न्यायालय में मामला दर्ज कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यायालय ने त्वरित सुनवाई करते हुए युगल के विवाह का निर्देश जारी किया। न्यायालय के आदेशानुसार गुरुवार को पुलिस की मौजूदगी में श्री देवी मंडप अम्बाकोठी में विवाह की सभी तैयारियां की गईं। इस दौरान दोनों पक्षों के परिजन भी उपस्थित रहे। पुजारी दिलीप कुमार शुक्ला ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूरे विधि-विधान से विवाह संपन्न कराया। विवाह के उपरांत दोनों पक्षों के परिजनों एवं उपस्थित लोगों ने नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया तथा मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। विवाह प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विवाह के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के तहत पुलिस युवक रामपाल गंझू को पुनः मंडल कारा ले गई। इधर इस मामले में थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंहा ने बताया कि न्यायालय के निर्देश पर प्रेमी युगल का विवाह संपन्न कराया गया।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।